बदायूं में झोपड़ी जलने पर भड़की युवती, बोली- फूलन देवी बनकर लूंगी एक-एक से बदला

Budaun News: उत्तर प्रदेश के बदायूं में जमीन के विवाद के बीच एक झोपड़ी में आग लगाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद एक युवती का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वह पुलिस-प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहती सुनाई दे रही है कि वह फूलन देवी बनकर एक-एक से बदला लेगी। एक अन्य वीडियो में युवती इंसाफ की मांग कर रही है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

मामला कादरचौक थाना क्षेत्र के लभारी गांव का है। हल्का लेखपाल धीरेन्द्र सिंह की शिकायत पर पुलिस ने बलवीर समेत नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जमीन की पैमाइश के बाद शुरू हुआ विवाद

लेखपाल की शिकायत के मुताबिक, 29 सितंबर को नन्हीं देवी की शिकायत पर राजस्व और पुलिस की टीम जमीन की पैमाइश करने गांव पहुंची थी। पैमाइश के बाद शिकायतकर्ता को उसके हिस्से की जमीन पर कब्जा करने की जानकारी दी गई। इस दौरान बलवीर पुत्र बनवारी, रामप्रसाद पुत्र दोदराम और चमन पुत्र बलवीर ने पैमाइश का विरोध किया और सरकारी काम में बाधा डाली।

30 सितंबर को नन्हीं देवी ने पैमाइश में बताए गए हिस्से पर नींव भरवाई। आरोप है कि उसी रात बलवीर, रामप्रसाद और चमन ने नींव उखाड़कर फेंक दी। इसके बाद नन्हीं देवी ने उपजिलाधिकारी से शिकायत की।

जांच के दौरान झोपड़ी में आग लगाने का आरोप

शिकायत के बाद एक अक्टूबर को राजस्व विभाग और पुलिस की टीम उखाड़ी गई नींव की जांच करने पहुंची। लेखपाल के अनुसार, जांच के दौरान हरदेव पुत्र दोदराम, ओमपाल पुत्र खेमकरन, घमंडी पुत्र खेमकरन, गंगाश्री पत्नी बलवीर, अमरवती पत्नी रामप्रसाद और राजवीर पुत्र देव सिंह ने सरकारी काम में बाधा डाली।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि हरदेव के उकसाने पर अमरवती, गंगाश्री, ओमपाल और घमंडी ने रामप्रसाद की जर्जर और खाली झोपड़ी में आग लगा दी। पुलिस ने बलवीर, रामप्रसाद, चमन, हरदेव, ओमपाल, घमंडी, गंगाश्री, अमरवती और राजवीर के खिलाफ FIR दर्ज की है।

युवती ने मांगा इंसाफ, सामान जलने का किया दावा

झोपड़ी में आग लगने के बाद वायरल हुए वीडियो में युवती पुलिस-प्रशासन पर आरोप लगाते हुए बदला लेने की बात कहती है। दूसरे वीडियो में पत्रकार के सवाल पर वह कहती है कि उसे इंसाफ चाहिए और उसे आने-जाने के लिए रास्ता मिलना चाहिए।

युवती का दावा है कि उसके घर में काफी सामान था, जो आग में पूरी तरह जल गया। वहीं, लेखपाल की शिकायत में आग रामप्रसाद की जर्जर खाली झोपड़ी में लगाए जाने का आरोप है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.