Aligarh News: सपा नेता मोहम्मद आरिफ को बदमाशों ने मारी गोली, हालत स्थिर

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के अकराबाद थाना क्षेत्र स्थित नगर पंचायत पिलखना में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां समाजवादी पार्टी (सपा) के समर्थक और पूर्व चेयरमैन मोहम्मद आरिफ पर कुछ बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। गोली लगने से आरिफ गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज जेएन मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

दावत में जा रहे थे आरिफ

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम को मोहम्मद आरिफ अपने कुछ समर्थकों के साथ मोहल्ला डेरा में एक दावत खाने जा रहे थे। बताया जा रहा है कि वहां पहले से कुछ हमलावर घात लगाकर बैठे थे। आरिफ और हमलावरों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद अचानक हमलावरों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कई राउंड गोलियां चलीं, जिनमें से दो गोलियां मोहम्मद आरिफ को लगीं। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर फौरन मौके से फरार हो गए।

अस्पताल में इलाज जारी, हालत खतरे से बाहर

परिजन और स्थानीय लोग घायल आरिफ को तुरंत जेएन मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, गोली कंधे और पेल्विक बोन (श्रोणि हड्डी) के पास लगी है। हालांकि, उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है, फिर भी उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। घटना की सूचना मिलते ही एसपी देहात अमृत जैन पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल आरिफ से शुरुआती पूछताछ की और मामले की गहनता से जांच करने का भरोसा दिया। पुलिस हमलावरों का पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की मोबाइल कॉल डिटेल्स (CDR) भी निकाली जा रही हैं।

Also Read: प्राचार्यों की लॉटरी से हुई नियुक्ति पर भड़कीं मायावती, केंद्र सरकार से की हस्तक्षेप की मांग

Get real time updates directly on you device, subscribe now.