UP चुनाव से पहले अखिलेश ने BJP पर बनाया दबाव, 33% महिला आरक्षण लागू करने की मांग

Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी ने महिला समानता दिवस पर 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दांव चला है। पार्टी ने सत्ता में आने पर ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ लागू करने का ऐलान किया। मैनपुरी सांसद डिंपल यादव ने बताया कि योजना की शुरुआत हर महिला को 40 हजार रुपये की सहायता से होगी। इस राशि को हर साल बढ़ाया जाएगा।

डिंपल ने कहा कि योजना का उद्देश्य महिलाओं को केवल आर्थिक मदद देना नहीं, बल्कि शिक्षा, रोजगार और प्रशिक्षण के जरिए उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि योजना चरणबद्ध तरीके से लागू होगी और समय-समय पर इसके परिणाम की समीक्षा की जाएगी।

‘सम्मान’ को पहले क्यों रखा गया

डिंपल यादव ने कहा कि योजना के नाम में ‘स्त्री’ शब्द इसलिए चुना गया है, ताकि यह हर उम्र की महिला को शामिल करे। वहीं ‘सम्मान’ को ‘समृद्धि’ से पहले रखने के पीछे उनका तर्क है कि हर महिला सामाजिक या आर्थिक स्थिति से अलग, सम्मान की हकदार है।

उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन, लैपटॉप, आर्थिक सहायता, शिक्षा और प्रशिक्षण के जरिए महिलाओं के लिए आगे बढ़ने के अवसर तैयार किए जाएंगे। आर्थिक रूप से मजबूत होना ही महिलाओं के सशक्तीकरण का अहम आधार है।

अखिलेश बोले- आधी आबादी के बिना तरक्की अधूरी

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि महिलाओं के बिना विकास अधूरा है। उन्होंने बीजेपी सरकार से अगले विधानसभा चुनाव में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू करने की मांग की। अखिलेश ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा और सपा आधी आबादी को पूरी आजादी देने के लिए काम करेगी। डिंपल ने योजना को सपा के PDA फॉर्मूले में ‘A’ यानी आधी आबादी से भी जोड़ा।

Also Read: AQIS का आतंकी इकरामुल बांग्लादेश में लापता, UNSC रिपोर्ट से भारत की बढ़ी चिंता 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.