होर्मुज में जंग, बाजार में हड़कंप! तेल की आग में झुलसा शेयर बाजार, सेंसेक्स 500 अंक टूटा
Today Share Market Update: अमेरिका और ईरान के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य (Hormuz Strait) को लेकर बढ़ते सैन्य तनाव का असर अब वैश्विक बाजारों के साथ भारत में भी साफ दिखाई देने लगा है। मंगलवार को कारोबार शुरू होते ही भारतीय शेयर बाजार दबाव में आ गया। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लाल निशान में खुले, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल दर्ज किया गया।
विशेषज्ञों का मानना है कि दुनिया की करीब 20% तेल आपूर्ति होर्मुज जलडमरूमध्य से होती है। ऐसे में इस क्षेत्र में जारी संघर्ष ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है और बाजार में बिकवाली का माहौल बन गया है।
खुलते ही फिसला शेयर बाजार
कारोबार की शुरुआत में बीएसई सेंसेक्स अपने पिछले बंद 77,616 अंक के मुकाबले गिरकर 77,272 पर खुला और कुछ ही देर में 77,063 तक पहुंच गया। वहीं, एनएसई निफ्टी भी 24,211 अंक के पिछले बंद स्तर से फिसलकर करीब 24,050 तक आ गया।
शुरुआती कारोबार में लगभग 1,363 शेयर गिरावट के साथ कारोबार करते दिखे, जबकि करीब 908 शेयरों में बढ़त दर्ज की गई। करीब 165 शेयरों में कोई खास बदलाव नहीं रहा।
इन शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट
बाजार में बिकवाली के बीच कई दिग्गज कंपनियों के शेयर दबाव में रहे।
- इंडिगो – करीब 2.6% की गिरावट
- बजाज फाइनेंस – लगभग 2.3% नीचे
- एचसीएल टेक – करीब 2.1% फिसला
- महिंद्रा एंड महिंद्रा – लगभग 2% कमजोर
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी बिकवाली देखने को मिली। अशोक लेलैंड, मुथूट फाइनेंस, पीएनबी हाउसिंग और अपोलो टायर्स जैसे शेयरों में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई।
कच्चे तेल में उछाल बना चिंता की वजह
होर्मुज जलडमरूमध्य में बढ़ते तनाव के बीच अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें फिर चढ़ गई हैं। ब्रेंट क्रूड करीब 84.44 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया, जबकि डब्ल्यूटीआई और मुरबान क्रूड भी 80 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार करते दिखे।
विशेषज्ञों का कहना है कि यदि होर्मुज में तनाव लंबे समय तक बना रहता है, तो तेल की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। इसका असर ईंधन की कीमतों, महंगाई और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर भी पड़ सकता है।
Also Read: RBI के टारगेट से ऊपर पहुंची महंगाई, जून में 4.38% हुई Inflation, क्या अब और महंगा होगा खर्च?

