Siddharthnagar News: SDM शशांक शेखर राय के सख्त निर्देश, पहले पुराने पोखरे का सुंदरीकरण, फिर होगी नई खुदाई

Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के मिठवल ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत जीवां में रेलवे के निजी ठेकेदारों द्वारा नियमों को ताक पर रखकर की जा रही पोखरों की खुदाई को लेकर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। बांसी के उप जिलाधिकारी शशांक शेखर राय ने इस मामले में सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि ठेकेदार पहले पुराने पोखरे का सुंदरीकरण और उसमें सुधार का कार्य पूरा करें, उसके बाद ही किसी नए पोखरे की खुदाई की अनुमति दी जाएगी।

दरअसल, जीवां गांव में रेलवे के ठेकेदारों ने दो पोखरों की खुदाई तो कर दी, लेकिन उन्हें बीच में ही अधूरा छोड़ दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि शुरुआत में ठेकेदारों ने आश्वासन दिया था कि वे पोखरों को समतल कर वहां पक्की सीढ़ियों का निर्माण कराएंगे। इसके उलट, ठेकेदार पोखरे को बेहद गहरा और असुरक्षित हालत में छोड़कर चले गए, जिससे गांव में हर वक्त हादसे का डर बना हुआ है और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है।

नायब तहसीलदार को सौंपी जांच, तत्काल काम रुकवाने के आदेश

इस गंभीर मामले का संज्ञान लेते हुए एसडीएम शशांक शेखर राय ने नायब तहसीलदार सीपी श्रीवास्तव को तुरंत मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने आदेश दिया कि यदि महदेवा पोखरे पर इस समय भी खुदाई का काम चल रहा है, तो उसे तत्काल प्रभाव से रुकवा दिया जाए।

एसडीएम बांसी ने दो टूक लहजे में कहा, प्रशासन ठेकेदारों की मनमानी बर्दाश्त नहीं करेगा। पहले जीवां पोखरे के सुंदरीकरण और सुरक्षा से जुड़े सभी अधूरे काम पूरे किए जाएं, उसके बाद ही नियमानुसार किसी दूसरे स्थान पर खुदाई की बात होगी। प्रशासन के इस कड़े कदम से ग्रामीणों में एक उम्मीद जगी है कि अब उनके क्षेत्र के अधूरे विकास कार्य पूरे होंगे और लापरवाह ठेकेदारों पर लगाम कसी जा सकेगी।

रिपोर्ट- जाकिर खान

Also Read: अयोध्या राम मंदिर चंदा चोरी मामला: मुख्य आरोपी टिन्नू यादव समेत 8 आरोपियों के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.