Bareilly News: वनखंडी नाथ मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए जनता ने खोला मोर्चा, पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह को सौंपा ज्ञापन
Bareilly News: क्षेत्रीय हिंदू जनमानस की अगाध आस्था के प्रतीक और लंबे समय से उपेक्षा का शिकार रहे अतरछेडी स्थित वनखंडी नाथ मंदिर के दिन अब बहुरने वाले हैं। मंदिर के सुंदरीकरण और जीर्णोद्धार की मांग को लेकर आज रविवार को भाजपा शिविर कार्यालय आंवला में क्षेत्र के सैकड़ों नागरिकों और ग्राम प्रधानों ने एकजुट होकर हुंकार भरी। वरिष्ठ समाजसेवी जय गोविंद सिंह और मोहन सिंह के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह के माध्यम से उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। इसके साथ ही इस मांग पत्र की एक प्रति मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी स्पीड पोस्ट के जरिए भेजी गई है।
सौंपे गए ज्ञापन में प्रमुख रूप से मांग की गई है कि जनहित और क्षेत्रीय लोगों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के माध्यम से वनखंडी नाथ मंदिर का कायाकल्प कराया जाए। इसके साथ ही वहां आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक सर्वसुविधायुक्त यात्री निवास और संतों के रहने के लिए संत निवास का निर्माण शीघ्र अति शीघ्र शुरू किया जाए। जनभावनाओं का संज्ञान लेते हुए माननीय पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने पूरी जनता को आश्वस्त किया है कि इस गंभीर विषय पर वे खुद संज्ञान लेंगे और यथाशीघ्र आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित कराएंगे।
सैकड़ों ग्रामीणों और दर्जनों प्रधानों का मिला समर्थन
धार्मिक आस्था के इस बड़े अभियान को क्षेत्र की जनता का व्यापक समर्थन मिला है। ज्ञापन सौंपने वालों में अतरछेडी, सादुल्ला गंज, मलगांवा, निसोई और ढकौरा जैसे प्रमुख गांवों के प्रधानों समेत हरूनगला, नैनपुर, रमनगला, समांधीपुर, मेहंदी नगला, बिलौरी, चंजरी, बाल किशनपुर, गिधौली, चमन गौंटिया, ढकौरा और डरूआपुर आदि दर्जनों गांवों के सैकड़ों ग्रामीण और संभ्रांत नागरिक शामिल रहे। सभी ने एक सुर में अतरछेडी के इस पौराणिक मंदिर को पर्यटन मानचित्र पर उभारने की मांग की है।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

