लखनऊ में दरोगा की सरेराह पिटाई, कार हटाने को कहा तो किया हमला, वर्दी फाड़ी और नेमप्लेट तोड़ी
Lucknow Police Attack Case: लखनऊ में सड़क पर गलत तरीके से खड़ी कार हटाने को कहना एक दरोगा को भारी पड़ गया। आरोप है कि कार मालिक और उसके दो साथियों ने चौक थाने में तैनात दरोगा भूपेंद्र सिंह के साथ मारपीट की। इस दौरान उनकी वर्दी फाड़ दी गई और नेमप्लेट भी टूट गई। घटना के बाद आरोपी पुलिस के पहुंचने से पहले ही मौके से फरार हो गए।
दरोगा भूपेंद्र सिंह ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चार्जशीट दाखिल होने से नाराज था आरोपी
दरोगा भूपेंद्र सिंह के मुताबिक, शुक्रवार रात वह फव्वारा चौराहे के पास मौजूद थे। इस दौरान सड़क पर एक कार गलत तरीके से खड़ी थी, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा था और जाम लगने की स्थिति बन रही थी।
कार का नंबर चालान ऐप के जरिए मिलने पर दरोगा ने उसके मालिक के मोबाइल पर कॉल किया और गाड़ी सड़क से हटाने को कहा। कुछ देर बाद ताहा हुसैन मौके पर पहुंच गया।
भूपेंद्र सिंह का आरोप है कि उन्होंने पहले एक आपराधिक मामले में ताहा हुसैन के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। इसी वजह से वह उनसे नाराज था। आरोप है कि ताहा ने कार हटाने से इनकार कर दिया और दरोगा के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
बीच-बचाव करने वालों को भी धमकाया
शोर सुनकर ताहा के साथी मौलाना सलमान और हजला सलमान भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि तीनों ने मिलकर दरोगा भूपेंद्र सिंह की पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान उनकी वर्दी फट गई और नेमप्लेट टूट गई।
मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ भी अभद्रता की और धमकाया। चौक थाने से अन्य पुलिसकर्मियों के पहुंचने से पहले ही तीनों आरोपी वहां से भाग निकले।
दरोगा की शिकायत पर ताहा हुसैन, सलमान और हजला सलमान के खिलाफ रास्ते में बाधा डालने, सरकारी कर्मचारी पर हमला करने, सरकारी काम में रुकावट डालने, मारपीट और धमकी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। चौक इंस्पेक्टर नागेश उपाध्याय ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
Also Read: Lucknow News: कैफे मालिक शिवा शर्मा की मौत मामले में मॉडल गर्लफ्रेंड समेत 4 पर हत्या का मुकदमा दर्ज

