सुल्तानपुर में तड़के सुबह पुलिस से मुठभेड़, 5 तस्कर गिरफ्तार, 5 करोड़ की मॉर्फिन बरामद

Sultanpur News: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में शुक्रवार तड़के पुलिस और मादक पदार्थ तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। अखंडनगर क्षेत्र के सहजनपुर अंडरपास के पास हुई कार्रवाई में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें दो पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली लगने से घायल हो गए। आरोपियों के पास से 1 किलो 800 ग्राम अवैध मॉर्फिन, तमंचे, कारतूस और दो कारें बरामद हुई हैं। पुलिस के मुताबिक, बरामद मॉर्फिन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 5 करोड़ रुपये है।

सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस को शुक्रवार 14 अगस्त की सुबह करीब 4:30 बजे सूचना मिली थी कि तस्कर मादक पदार्थ की डिलीवरी के लिए जा रहे हैं। इसके बाद टीम ने सहजनपुर अंडरपास के पास वाहनों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान बलेनो और वरना कार आती दिखीं। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो तस्कर घायल हो गए और पांचों को पकड़ लिया गया।

घायलों की पहचान बलरामपुर के जैतपुर निवासी खुर्शीद आलम और सुल्तानपुर के बल्दीराय निवासी प्रशांत सिंह के रूप में हुई है। रोहित तिवारी, अंकुर प्रजापति और रामबाबू भी गिरफ्तार किए गए हैं।

ओडिशा से लाते थे मॉर्फिन

सीओ कादीपुर विनय कुमार ने बताया कि पूछताछ में तस्करी से जुड़े अहम सुराग मिले हैं। आरोपियों ने बताया कि वे मॉर्फिन ओडिशा से लाकर यूपी के अलग-अलग जिलों में सप्लाई करते थे। पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

घायल दोनों आरोपियों को अखंडनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Also Read: लखनऊ में 101 अवैध इमारतों पर चलेगा बुलडोजर, 17 अगस्त से ध्वस्तीकरण की तैयारी 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.