Team India से ड्रॉप होने के बाद सूर्या का पहला रिएक्शन, इंस्टा पोस्ट में लिखी ये बात
Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय टी20 टीम से बाहर किए जाने के बाद स्टार बल्लेबाज Suryakumar Yadav का पहला रिएक्शन सामने आया है। टीम इंडिया के पूर्व टी20 कप्तान ने सोशल मीडिया पर एक छोटी-सी पोस्ट शेयर की, जिसने क्रिकेट फैंस का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
हाल ही में बीसीसीआई ने आगामी टी20 सीरीज के लिए टीम का ऐलान किया, जिसमें न सिर्फ सूर्यकुमार यादव को कप्तानी से हटाया गया, बल्कि उन्हें टीम में भी जगह नहीं मिली। उनकी जगह Shreyas Iyer को नया टी20 कप्तान बनाया गया है। इस फैसले ने कई क्रिकेट प्रेमियों को हैरान कर दिया।
इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखे सिर्फ 11 शब्द
टीम से बाहर होने के बाद Suryakumar Yadav ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर भारतीय टीम की तस्वीर शेयर की। इसके साथ उन्होंने सिर्फ 11 शब्दों का संदेश लिखा।
“इस टैलेंटेड ग्रुप को आगे आने वाली चुनौतियों के लिए शुभकामनाएं।”
इसके साथ उन्होंने भारतीय तिरंगे की इमोजी भी लगाई। सूर्या की यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आ गई।

कप्तान के तौर पर रहा शानदार रिकॉर्ड
साल 2024 के टी20 वर्ल्ड कप के बाद सूर्यकुमार यादव को भारतीय टी20 टीम की नियमित कप्तानी सौंपी गई थी। उनके नेतृत्व में टीम इंडिया ने कई अहम सीरीज जीतीं और किसी भी द्विपक्षीय टी20 सीरीज में हार का सामना नहीं किया।
इसके अलावा टीम ने एशिया कप और टी20 वर्ल्ड कप 2026 जैसे बड़े टूर्नामेंट में भी शानदार प्रदर्शन किया। हालांकि पिछले कुछ समय से सूर्यकुमार यादव का व्यक्तिगत प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था। Suryakumar Yadav के बल्लेबाजी में लगातार गिरते प्रदर्शन और आईपीएल 2026 में साधारण प्रदर्शन को उनकी टीम से छुट्टी का बड़ा कारण माना जा रहा है।
श्रेयस अय्यर के सामने बड़ी चुनौती
टी20 टीम की कमान अब श्रेयस अय्यर के हाथों में होगी। हालांकि इंटरनेशनल क्रिकेट में उन्होंने इससे पहले कभी भारत की कप्तानी नहीं की है। आईपीएल में कप्तानी का अनुभव जरूर उनके पास है, लेकिन टीम इंडिया की जिम्मेदारी अलग मानी जाती है।
श्रेयस अय्यर अपने कप्तानी कार्यकाल की शुरुआत आयरलैंड दौरे से करेंगे। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज उनके लिए पहली बड़ी परीक्षा मानी जा रही है।
Also Read: अब आसान नहीं विदेशी लीग का रास्ता, संन्यास लेने वाले खिलाड़ियों पर सख्ती की तैयारी में BCCI

