अब आसान नहीं विदेशी लीग का रास्ता, संन्यास लेने वाले खिलाड़ियों पर सख्ती की तैयारी में BCCI

Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई विदेशी टी20 लीग्स में खेलने के लिए समय से पहले संन्यास लेने वाले खिलाड़ियों पर सख्त रुख अपनाने की तैयारी में है।

बोर्ड जल्द ही एक नई रिटायरमेंट पॉलिसी ला सकता है, जिसका सीधा असर उन खिलाड़ियों पर पड़ेगा जो विदेशी लीगों के आकर्षक ऑफर्स के चलते भारतीय क्रिकेट से दूरी बना रहे हैं।

हाल ही में हुई बीसीसीआई की एपेक्स काउंसिल बैठक में इस मुद्दे पर गंभीर मंथन हुआ। बोर्ड का मानना है कि इंटरनेशनल क्रिकेट, घरेलू क्रिकेट या आईपीएल से जल्द संन्यास लेने की बढ़ती प्रवृत्ति भविष्य में भारतीय क्रिकेट की मजबूती के लिए चुनौती बन सकती है।

खासकर युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का विदेशी लीगों की ओर रुख करना चिंता का विषय माना जा रहा है।

BCCI

मौजूदा नियम क्या कहते हैं?

बीसीसीआई के मौजूदा नियमों के अनुसार, कोई भी सक्रिय भारतीय क्रिकेटर—चाहे वह इंटरनेशनल खिलाड़ी हो, घरेलू क्रिकेट का हिस्सा हो या आईपीएल कॉन्ट्रैक्ट में हो—किसी भी विदेशी टी20 या फ्रेंचाइजी लीग में हिस्सा नहीं ले सकता।

विदेशी लीगों में खेलने की अनुमति तभी मिलती है, जब खिलाड़ी इंटरनेशनल क्रिकेट, घरेलू क्रिकेट और आईपीएल समेत भारतीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से पूरी तरह संन्यास ले चुका हो।

कूलिंग-ऑफ पीरियड पर विचार

रिपोर्ट्स के मुताबिक, एपेक्स काउंसिल की बैठक में एक कूलिंग-ऑफ पीरियड लागू करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई है।

प्रस्ताव के अनुसार, अगर कोई खिलाड़ी संन्यास लेने के तुरंत बाद विदेशी लीग में खेलने का फैसला करता है और बाद में भारतीय क्रिकेट सिस्टम में लौटना चाहता है, तो उस पर कम से कम 5 साल का प्रतिबंध लगाया जा सकता है।

इस अवधि में वह न तो घरेलू क्रिकेट खेलेगा और न ही आईपीएल का हिस्सा बन सकेगा।

बोर्ड का मकसद

बीसीसीआई का उद्देश्य खिलाड़ियों को यह स्पष्ट संदेश देना है कि संन्यास जैसे बड़े फैसले जल्दबाजी में न लें। बोर्ड चाहता है कि देश की प्रतिभाएं अधिक समय तक भारतीय घरेलू ढांचे और आईपीएल की प्रतिष्ठा को मजबूत करने में योगदान दें।

माना जा रहा है कि नई रिटायरमेंट पॉलिसी को अंतिम रूप देने से पहले सभी पहलुओं पर विस्तार से विचार किया जाएगा।

Also Read: PAK vs AUS: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पाकिस्तान का ऐतिहासिक कारनामा, बनी एशिया की पहली टीम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.