तेज प्रताप यादव RJD से 6 साल के लिए निष्कासित, लालू यादव बोले- नैतिक मूल्यों से समझौता नहीं
Sandesh Wahak Digital Desk: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने अपने बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। यह फैसला तेज प्रताप के विवादास्पद बयानों, असंयमित आचरण और पार्टी अनुशासन के उल्लंघन के चलते लिया गया है।
लालू यादव ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
लालू यादव ने इस निर्णय की जानकारी शनिवार को सोशल मीडिया मंच ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर साझा की। उन्होंने लिखा “निजी जीवन में नैतिक मूल्यों की अवहेलना करना हमारे सामाजिक न्याय के लिए सामूहिक संघर्ष को कमज़ोर करता है। ज्येष्ठ पुत्र की गतिविधि, लोक आचरण तथा गैर जिम्मेदाराना व्यवहार हमारे पारिवारिक मूल्यों और संस्कारों के अनुरूप नहीं है। अतः उपरोक्त परिस्थितियों को देखते हुए उसे पार्टी और परिवार से बाहर किया जा रहा है।”
आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने अपने बड़े बेटे तेजप्रताप यादव को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है, साथ ही उन्हें परिवार से भी निकाल दिया है। pic.twitter.com/rIhZKjIdzR
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 25, 2025
राजद सूत्रों के मुताबिक, तेज प्रताप यादव पिछले कुछ समय से न केवल पार्टी लाइन से हटकर बयानबाज़ी कर रहे थे, बल्कि नेतृत्व के खिलाफ भी कई बार तीखी टिप्पणियां कर चुके हैं। इससे पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचा, जिसके बाद यह कठोर कदम उठाया गया।
तेज प्रताप यादव, जो कभी बिहार के स्वास्थ्य मंत्री रह चुके हैं, अब राजद से बाहर होने के बाद अपने भविष्य की दिशा तय करेंगे। राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज है कि क्या वे नई पार्टी बनाएंगे, किसी अन्य दल में शामिल होंगे या राजनीति से दूरी बनाएंगे।
तेज प्रताप के निष्कासन के साथ ही लालू यादव ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि चाहे रिश्ता कितना भी नजदीकी क्यों न हो, पार्टी अनुशासन और सामाजिक मूल्यों से समझौता नहीं किया जाएगा।
Also Read: 50,000 का इनामी गौ-तस्कर अरशद उर्फ अशद गिरफ्तार, UP STF ने गुप्त सूचना के आधार पर की कार्रवाई

