TET पेपर लीक केस में बड़ा एक्शन, 3 आरोपी गिरफ्तार, दिल्ली से जुड़े तार आए सामने

Maharashtra TET 2026: महाराष्ट्र में शिक्षक बनने का सपना देख रहे लाखों युवाओं को बड़ा झटका लगा है। टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट (TET) 2026 का पेपर लीक होने की आशंका के बाद महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद (MSCE) ने 28 जून को होने वाली परीक्षा अगले आदेश तक स्थगित कर दी है। इस मामले में ठाणे पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों के पास से टीईटी परीक्षा के चार सेट और कई डेबिट-क्रेडिट कार्ड बरामद हुए हैं।

1.5 करोड़ रुपये की डील की जांच

एडिशनल कमिश्नर ऑफ पुलिस अशोक दुबे ने बताया कि डीसीपी पवन बंसोड़ को मिली खुफिया सूचना के आधार पर कोनगांव इलाके में जाल बिछाया गया था। शुक्रवार सुबह तीनों आरोपी वहां पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती जांच में पता चला कि आरोपी दिल्ली से महाराष्ट्र आए थे। इनमें एक हरियाणा और दो बिहार के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, लीक हुए पेपर के बदले करीब 1.5 करोड़ रुपये की मांग की गई थी। अब यह जांच की जा रही है कि पेपर किसे बेचा जाना था और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। तीनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

एसआईटी करेगी जांच, दोबारा नहीं देनी होगी फीस

पुलिस का कहना है कि इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड अभी फरार है। उसकी तलाश के लिए दो एसीपी और नौ पुलिस इंस्पेक्टरों की एसआईटी बनाई गई है, जो अलग-अलग राज्यों में जांच करेगी। वहीं, परीक्षा परिषद ने स्पष्ट किया है कि दोबारा परीक्षा होने पर अभ्यर्थियों को न तो नया रजिस्ट्रेशन करना होगा और न ही अतिरिक्त शुल्क देना पड़ेगा। परिषद ने छात्रों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों से बचें और केवल आधिकारिक वेबसाइट पर जारी जानकारी पर ही भरोसा करें। नई परीक्षा तिथि जांच पूरी होने के बाद घोषित की जाएगी।

Also Read : NEET के बाद अब TET पेपर लीक, परीक्षा से पहले रद्द हुआ एग्जाम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.