कार से मिला सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कमल कौर भाभी का शव, जांच में जुटी पुलिस

Sandesh Wahak Digital Desk: बठिंडा-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक निजी मेडिकल यूनिवर्सिटी की पार्किंग में खड़ी एक कार से बदबू आने की सूचना मिली। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस को कार की पिछली सीट पर एक महिला का सड़ा-गला शव मिला। बाद में उसकी पहचान सोशल मीडिया पर कमल कौर भाभी के नाम से मशहूर कंचन कुमारी के रूप में हुई।

कंचन एक लोकप्रिय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर थीं और उनके इंस्टाग्राम पर करीब 3.84 लाख फॉलोवर्स थे। वह वीडियो कंटेंट बनाकर लोगों के बीच अपनी पहचान बना चुकी थीं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार कई दिनों से खड़ी थी और उसमें से लगातार बदबू आ रही थी। एक समाजसेवी संस्था के कार्यकर्ताओं ने जब कार को देखा तो शीशे पूरी तरह बंद थे और अंदर महिला का शव था। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

कैंट थाना प्रभारी दलजीत सिंह ने बताया कि उन्हें कंट्रोल रूम से कार मंर शव होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा खोल शव को कब्जे में लिया। प्राथमिक जांच में पता चला है कि शव तीन से चार दिन पुराना हो सकता है। कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी और गाड़ी की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और गाड़ी से मिले सामान की जांच की जा रही है।

Also Read: जयपुर-सीकर समेत 24 ठिकानों पर ईडी की छापेमारी, 2700 करोड़ की रियल एस्टेट धोखाधड़ी पर बड़ी कार्रवाई

Get real time updates directly on you device, subscribe now.