लखनऊ में पहली इंटर स्कूल डांस स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का भव्य आयोजन, स्वर्णिम पब्लिक स्कूल बना चैंपियन

Sandesh Wahak Digital Desk: विद्यार्थियों में शारीरिक, मानसिक और सांस्कृतिक संतुलन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लखनऊ में “पहली इंटर स्कूल लखनऊ डांस स्पोर्ट्स चैंपियनशिप” का भव्य आयोजन किया गया। यह सफल चैंपियनशिप लखनऊ डिस्ट्रिक्ट डांस स्पोर्ट्स एसोसिएशन और स्वर्णिम पब्लिक स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में स्वर्णिम पब्लिक स्कूल परिसर में संपन्न हुई।

एसोसिएशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के.बी. पंत ने बताया कि चैंपियनशिप में लखनऊ के 14 विभिन्न स्कूलों के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कड़े मुकाबले के बाद स्वर्णिम पब्लिक स्कूल ने ओवरऑल चैंपियनशिप की ट्रॉफी अपने नाम की।

मुख्य अतिथियों ने बढ़ाया उत्साह

समारोह के मुख्य अतिथि बी.एस.एस.आई.टी.एम. ग्रुप ऑफ के चेयरपर्सन आनंद शेखर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि डांस स्पोर्ट्स जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं इग्नू, लखनऊ की निदेशक डॉ. कीर्ति विक्रम सिंह ने कहा कि ऐसी गतिविधियां शिक्षा को समग्र बनाती हैं और विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में योगदान देती हैं। वहीं, विशिष्ट अतिथि गौरव शर्मा (मुख्य सुरक्षा अधिकारी, चौधरी चरण सिंह अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा) ने नृत्य को खेल की तरह ऊर्जा और समर्पण मांगने वाली कला बताया।

विजेताओं को किया गया सम्मानित

स्वर्णिम पब्लिक स्कूल की प्राचार्या मधुमिता मुखर्जी ने सभी विजेताओं को बधाई दी और छात्रों के जोश और अनुशासन को आयोजन की सफलता का आधार बताया। समारोह के दौरान विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और ट्रॉफी प्रदान की गईं।

निर्णायक मंडल में मनीष त्रिपाठी और मंजुला पंत ने तालमेल, प्रस्तुति, अभिव्यक्ति और रचनात्मकता के आधार पर प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया। इस अवसर पर अर्जुन पुरस्कार प्राप्त अंतरराष्ट्रीय शूटर डॉ. नीरज जैन और रचना गोविल समेत कई गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को गरिमा प्रदान की।

Also Read: बहुचर्चित मसकनवा पावर हाउस भूमि प्रकरण: बिजली विभाग के गले की फांस बनी 11 बीघे बैनामे की जमीन!

Get real time updates directly on you device, subscribe now.