Jaunpur News: फायरिंग कर दहशत फैलाने वाला चढ़ा पुलिस के हत्थे
Jaunpur News: सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के सिद्दीकपुर में दिनदहाड़े हुई फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई है। 17 अगस्त को एक कॉलोनी में बाइक सवार आधा दर्जन बदमाशों ने जमकर फायरिंग की थी, जिसका सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जा रहा है कि यह घटना पैसे के लेनदेन से जुड़ी है। आरोपी लोहता गांव के रहने वाले रौनक सिंह को जान से मारने की नीयत से आए थे। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस ने मौके से तीन बाइक और गोलियों के खाली खोखे बरामद किए थे।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मखमेलपुर गांव के रहने वाले देवानंद गौतम को नहर के पास से बाइक सहित गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, देवानंद का आपराधिक रिकॉर्ड लंबा है। 30 जून को कोरडिहा में एक डॉक्टर संदीप प्रजापति के घर पर भी रंगदारी के लिए फायरिंग की घटना हुई थी, जिसमें देवानंद शामिल था। उसने बताया कि उसने यह दोनों वारदातें अपने दो साथियों के कहने पर की थीं।
थानाध्यक्ष जयप्रकाश यादव ने बताया कि घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस इलाके में सक्रिय महाकाल गैंग की भी पहचान कर रही है।
रिपोर्ट: दीपक सिंह
Also Read: Sitapur News: महसोनिया गांव में बाघ की दस्तक, ग्रामीणों में दहशत का माहौल

