निलंबित DSP के बेटे की ‘शाही’ शादी जांच के घेरे में, 200 करोड़ के रिसॉर्ट में जुटी थी ‘अफसर-नेता’ मंडली
Sandesh Wahak Digital Desk: आय से अधिक संपत्ति के मामले में निलंबित चल रहे चर्चित पुलिस अधिकारी डीएसपी ऋषिकांत शुक्ला के बेटे की आलीशान शादी अब जांच के रडार पर आ गई है। मार्च महीने में कानपुर के ₹200 करोड़ की अनुमानित कीमत वाले इटरनिटी रिसॉर्ट में हुई इस भव्य शादी और बारात में कई आईपीएस अधिकारी, सांसद, विधायक और बीजेपी के ज़िलाध्यक्षों की मौजूदगी ने पुलिस महकमे से लेकर सियासी गलियारों तक हलचल मचा दी थी। जांच एजेंसियां, खासकर विजिलेंस और एसआईटी, अब इस शाही आयोजन और बारात की गहन जांच कर रही हैं ताकि डीएसपी शुक्ला के करीबी संबंधियों और राजनीतिक संपर्कों का पता लगाया जा सके।
कभी कानून के रखवाले रहे डीएसपी ऋषिकांत शुक्ला पर अब एक के बाद एक चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। विजिलेंस और एसआईटी की रिपोर्ट के अनुसार, शुक्ला और उनके परिवार के नाम पर करीब ₹100 करोड़ रुपये की संपत्ति दर्ज है।
प्रमुख संपत्तियां:
- आर्यनगर के पॉश इलाके में 11 दुकानों का स्वामित्व।
- आर नगर में चार मंज़िला इमारतें और गेस्ट हाउस।
- रियल एस्टेट में बड़ा निवेश और कई कंपनियों में हिस्सेदारी।

यह जानकारी सामने आने के बाद यह सवाल उठ रहा है कि 28 साल की सेवा (8 साल दारोगा, 3 साल इंस्पेक्टर और 17 साल डीएसपी) में उन्होंने इतना बड़ा संपत्ति का साम्राज्य कैसे खड़ा किया, जबकि उनकी पोस्टिंग ज्यादातर उन ज़िलों में रही जहाँ ज़मीन और बिल्डिंग कारोबार तेज़ी से बढ़ा।

वीडियो वायरल: आईपीएस अधिकारी भी थिरके
विवादों में घिरी इस शादी में बड़े अधिकारियों और नेताओं की शिरकत ने मामले को और गंभीर बना दिया है। जिले और पड़ोसी जिलों के तत्कालीन एसपी, डीआईजी स्तर के अधिकारी और एडीजी तक इस समारोह में शामिल हुए थे। कई सांसद, विधायक और बीजेपी के करीब 18 ज़िलों के अध्यक्ष भी मौजूद थे। एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें कई आईपीएस अधिकारी डांस फ्लोर पर जमकर थिरकते नज़र आए थे, जिसने पुलिस महकमे में सवाल खड़े कर दिए थे।
डीएसपी शुक्ला की सफाई: ‘खर्च लड़कीवालों ने किया, नेता सम्मान करते हैं’
मामले की गंभीरता को देखते हुए निलंबित डीएसपी ऋषिकांत शुक्ला ने अपनी सफाई पेश की है। “वह मेरे बेटे की शादी थी, बेटी की नहीं। बारात मैं लेकर गया था। आयोजन लड़कीवालों ने किया था। अगर उन्होंने अपनी इच्छा से 200 करोड़ के रिसॉर्ट को चुना, तो मैं मना कैसे कर सकता हूं? मेरा उसमें एक पैसा नहीं लगा।”
हालांकि, उनके इस बयान पर सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हुई कि अगर शादी पूरी तरह लड़कीवालों के खर्च पर थी, तो इतनी बड़ी संख्या में अधिकारी और नेताओं की मौजूदगी क्यों थी?
नेताओं से संबंधों पर
सांसद, विधायक और संगठन के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी पर सवाल उठने पर उन्होंने कहा, “अगर अपराधी मुझसे डरते हैं और जनप्रतिनिधि मेरा सम्मान करते हैं तो इसमें बुराई क्या है? नेताओं से अच्छे संबंध होना अपराध नहीं है। मैं हमेशा जनता और कानून के बीच पुल बनकर काम करता रहा हूँ।”
संपत्ति पर स्पष्टीकरण
एसआईटी रिपोर्ट में ज़िक्र की गई संपत्तियों पर उनका कहना है कि ज्यादातर उनकी पैतृक संपत्ति है। “मेरे दादा पुलिस इंस्पेक्टर थे और पिता मैनेजर। यह उनकी मेहनत की कमाई है। जिस घर को अवैध संपत्ति बताया जा रहा है, वह मेरे ग्रैंडफादर ने खरीदा था। अगर सरकार को शक है तो मैं सभी दस्तावेज़ पेश करूंगा।”
डीएसपी शुक्ला ने अपने ख़िलाफ़ चल रही जांचों को कुछ असंतुष्ट लोगों की साज़िश बताया है, जिन्हें उनकी सफलता और लोकप्रियता रास नहीं आई। अब देखना यह है कि जांच एजेंसियां इस शाही शादी की परतों को खोलकर और क्या नए खुलासे करती हैं।
Also Read: Bahraich News: लखनऊ-नेपालगंज हाईवे पर अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार 4 लोगों को रौंदा, चारों की मौत

