Bareilly News: मंदिर में हुई चोरी का पर्दाफाश, पुलिस टीम ने दूसरे आरोपी को दबोचा
Bareilly News: जनपद बरेली की कोतवाली आंवला पुलिस ने बीहट गांव के प्रसिद्ध शिव मंदिर में हुई चोरी के मामले में वांछित चल रहे दूसरे आरोपी मौज्जिम को गिरफ्तार कर लिया है।
उल्लेखनीय है कि 22 अगस्त 2026 को बीहट निवासी घलेन्द्र पुत्र महिपाल की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ धारा 305 बीएनएस के तहत मामला पंजीकृत किया गया था। जांच के दौरान पहले ही 1 सितंबर 2026 को सह-अभियुक्त मुकेश पुत्र लीलाधर को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मामले में धारा 317(2) और 331(4) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई थी।
बीते मध्यरात्रि करीब 11:30 बजे, आंवला पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि मंदिर चोरी कांड में वांछित आरोपी मौज्जिम पुत्र अशफ़ाक (उम्र 36 वर्ष, निवासी मोहल्ला घेर, कस्बा व थाना सिरौली, बरेली) आंवला-रामनगर रोड से मनौना जाने वाले रास्ते पर खड़ा है। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के पास से चोरी के घंटे बेचकर मिले 1510 रुपये की नकदी बरामद की गई है।
पूछताछ के दौरान आरोपी मौज्जिम ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि लगभग 2 महीने पहले सावन के महीने में उसने अपने साथी मुकेश के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया था। बारिश की रात करीब 1 बजे दोनों ने बीहट गांव स्थित शिव मंदिर का ताला तोड़ा। मंदिर के दानपात्र से 870 रुपये निकले। इसके अलावा छोटे-बड़े कई घंटे चोरी किए गए। दानपात्र के 870 रुपये और छोटे घंटे मुकेश ने रखे, जबकि एक बड़ा घंटा मौज्जिम के हिस्से आया। मौज्जिम ने उस बड़े घंटे को राह चलते कबाड़ी को बेच दिया था, जिसमें से कुछ पैसे खर्च हो गए और बाकी 1510 रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: भाजपा के सदस्यों को ही भारतीय नागरिक मान रहा चुनाव आयोग, अखिलेश ने लगाया गंभीर आरोप

