Bareilly News: सर्राफा व्यापारी से हुई चोरी का पर्दाफाश, मध्य प्रदेश का शातिर चोर गिरफ्तार
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले की आंवला थाना पुलिस ने एक सर्राफा व्यापारी की दुकान से नकदी से भरा बैग उड़ाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश के गुना जिले के रहने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके दो नाबालिग सहयोगियों (बाल अपचारियों) को संरक्षण में लिया है। पुलिस टीम ने इनके पास से चोरी किए गए 74,000 रुपये नकद, व्यापारी का बैग और घटना में इस्तेमाल की गई अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है।
दुकान में घुसकर उड़ाया था पैसों से भरा बैग
यह मामला 9 जुलाई, 2026 का है, जब कस्बा आंवला के मोहल्ला पक्का कटरा निवासी सर्राफा व्यवसायी मनोज खंडेलवाल ने थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि अज्ञात शातिरों ने उनकी दुकान से रुपयों से भरा बैग चोरी कर लिया है। इस शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
वारदात के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में चार संदिग्ध एक अपाचे बाइक से चोरी के बैग के साथ बरेली की तरफ भागते हुए नजर आए। इसके बाद पुलिस टीम लगातार इनकी तलाश में जुटी थी।
15 जुलाई, 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि यह गिरोह मनौना बाईपास स्थित मजार के पास किसी अन्य चोरी की फिराक में खड़ा है। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर दो नाबालिगों को हिरासत में लिया, जिनके पास से 20-20 हजार रुपये बरामद हुए। पूछताछ में उन्होंने अलीगंज रोड स्थित पुलिया के पास अपने अन्य साथियों के होने की बात कबूली।
नाबालिगों की निशानदेही पर जब पुलिस ने पुलिया के पास दबिश दी, तो वहां मौजूद तीन लोग भागने लगे। इनमें से दो आरोपी बाइक से फरार होने में सफल रहे, जबकि एक को पुलिस ने दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान हरेन (32 वर्ष), निवासी ग्राम सिंगवासा, जिला गुना (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। उसके पास से 34,000 रुपये बरामद हुए। फरार आरोपियों के नाम देवर कुंडी और छोटे राजा बताए गए हैं, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि वे मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं और घूम-घूमकर डेरा डालते हैं। वर्तमान में उनका डेरा बरेली के कैंट इलाके में था। 9 जुलाई को उन्होंने सर्राफा दुकान की रेकी की और योजना के तहत नाबालिग को दुकान के अंदर भेजकर बैग पार करवा दिया था। बैग में कुल 84,000 रुपये थे, जिसमें से 74,000 रुपये बरामद कर लिए गए हैं। बाकी पैसे फरार आरोपी लेकर भागे हैं।
पुलिस ने बरामद अपाचे मोटरसाइकिल (MP07ZY2067) को सीज कर दिया है और मामले में धारा 317(2) BNS की बढ़ोतरी की है। आरोपी हरेन को जेल भेज दिया गया है, जबकि दोनों नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उप-निरीक्षक नितिन शर्मा, राजेश रावत और अन्य मुख्य आरक्षी शामिल रहे।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: लखनऊ की कुकरैल नाइट सफारी को सुप्रीम कोर्ट की मंजूरी, अब जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य

