हर समय दिमाग रहता है सुस्त, ब्रेन फॉग के हो सकते हैं ये 5 संकेत, भूलकर भी न करें नजरअंदाज
Brain Fog Symptoms: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में कई लोग पूरे दिन मानसिक थकान, सुस्ती या ध्यान लगाने में परेशानी महसूस करते हैं। इसे अक्सर सामान्य थकान समझ लिया जाता है, लेकिन अगर यह समस्या लंबे समय तक बनी रहे तो यह ब्रेन फॉग का संकेत हो सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार, ब्रेन फॉग कोई अलग बीमारी नहीं बल्कि एक लक्षण है। इसके पीछे नींद की कमी, लगातार तनाव, विटामिन की कमी, हार्मोनल बदलाव, संक्रमण या अन्य स्वास्थ्य समस्याएं जिम्मेदार हो सकती हैं।
सामान्य थकान और ब्रेन फॉग में क्या अंतर है
क्लीवलैंड क्लीनिक के मुताबिक, सामान्य थकान आराम और अच्छी नींद के बाद दूर हो जाती है। वहीं ब्रेन फॉग में पर्याप्त आराम के बाद भी दिमाग पहले की तरह काम नहीं करता। व्यक्ति को ध्यान लगाने, नई जानकारी याद रखने और मानसिक रूप से सक्रिय रहने में परेशानी होती है। कई लोगों को ऐसा महसूस होता है कि उनका दिमाग धीमी गति से काम कर रहा है।

ये 5 लक्षण हो सकते हैं ब्रेन फॉग के संकेत
डायरेक्ट हेल्थ के अनुसार किसी काम पर लंबे समय तक ध्यान न लगा पाना इसका प्रमुख लक्षण है। एनसीबीआई के मुताबिक सुबह उठने के बाद भी मानसिक थकान महसूस होना भी संकेत हो सकता है। वहीं अमेरिकन ब्रेन फाउंडेशन का कहना है कि बार-बार चाबी, मोबाइल या हाल की बातें भूलना भी ब्रेन फॉग से जुड़ा हो सकता है। क्लीवलैंड क्लीनिक के अनुसार साधारण फैसले लेने में ज्यादा समय लगना और एक साथ कई काम संभालने में कठिनाई भी इसके लक्षण हैं।

विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार मानसिक धुंधलापन आत्मविश्वास और कार्यक्षमता दोनों को प्रभावित करता है। यह तनाव, चिंता या अवसाद से भी जुड़ा हो सकता है। यदि ये लक्षण लंबे समय तक बने रहें तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है। साथ ही रोज 7–9 घंटे की अच्छी नींद लेना, संतुलित आहार और तनाव कम करना दिमाग को स्वस्थ रखने में मददगार हो सकता है।

