लखनऊ में बंद घरों को निशाना बनाने वाला शातिर चोर STF के चढ़ा हत्थे, लाखों का माल बरामद

Lucknow News: उत्तर प्रदेश एसटीएफ को बंद पड़े मकानों में चोरी और नकबजनी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ ने 13 जुलाई 2026 को लखनऊ के विभूतिखंड थाने में दर्ज मुकदमे के वांछित आरोपी आमिर उर्फ अमिर को संभल जिले के चंदौसी क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी हापुड़ का रहने वाला है और लंबे समय से पुलिस की तलाश में था।

सोना-चांदी, नकदी और अन्य सामान बरामद

एसटीएफ ने आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया है। इसमें सोने के बिस्कुट, गिन्नी, कंगन, चेन, चांदी के बिस्कुट, पायल, बिछुए, अंगूठियां, चांदी की प्लेटें, घड़ियां और करीब 66 हजार रुपये नकद शामिल हैं। इसके अलावा एक मोबाइल फोन और आधार कार्ड भी बरामद किया गया है।

फेरीवाले बनकर करते थे घरों की रेकी

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने बहनोई कामिल और साथी हीरालाल के साथ मिलकर गिरोह चलाता था। आरोपी पहले लखनऊ के पॉश इलाकों में किराये पर कमरा लेकर फेरीवाले के रूप में घूमते थे। इस दौरान बंद पड़े मकानों की रेकी की जाती थी। रात में ताला तोड़कर नकदी और जेवर चोरी कर लिए जाते थे। आरोपी ने स्वीकार किया कि विभूतिखंड के विराज खंड स्थित एक घर में हुई चोरी में भी उसका हाथ था। चोरी के पैसों से उसने अपनी मां के नाम एक मकान भी खरीदा।

अन्य साथियों की तलाश जारी

एसटीएफ ने आरोपी को विभूतिखंड थाने की पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और उनसे जुड़ी अन्य वारदातों की जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ विभूतिखंड थाने में पहले से दो आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

Also Read : Lucknow News: PGI पुलिस ने दबोचा शातिर चोरों का गैंग, 20 लाख के सोने-चांदी के जेवरात बरामद 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.