Prayagraj News: इलाहाबाद हाईकोर्ट में चोरों ने लगाई सेंध, जज के कोर्ट रूम से चुराए पीतल के सामान!
Prayagraj News: उत्तर प्रदेश में चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब उन्होंने इलाहाबाद हाईकोर्ट जैसी सुरक्षित जगह को भी नहीं बख्शा। चोरों ने हाईकोर्ट की तीसरी मंजिल पर स्थित कोर्ट रूम नंबर 30 में घुसकर कई सामानों पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना से हाईकोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया है।
जज के शौचालय के दरवाजों से गायब हुए पीतल के सामान
यह चौंकाने वाली घटना 1 जुलाई, 2025 को तब सामने आई, जब सफाई कर्मचारी रोज की तरह तीसरी मंजिल के कोर्ट रूम में पहुंचे। उन्होंने देखा कि विशेष रूप से न्यायाधीशों के लिए बनाए गए शौचालय के दरवाजों पर लगे पीतल के कीमती सामान गायब थे। इसके अलावा, कुछ और वस्तुएं भी वहां से नदारद थीं। यही नहीं, कोर्ट नंबर 70 के दरवाजे की स्लाइडिंग भी टूटी हुई मिली। जैसे ही सफाई कर्मचारियों ने इस बात की जानकारी अधिकारियों को दी, हड़कंप मच गया और तुरंत रजिस्ट्रार प्रोटोकॉल मौके पर पहुंचे।
मुकदमा दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
इस घटना की जानकारी मिलने के बाद, हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार प्रोटोकॉल आशीष कुमार श्रीवास्तव ने खुद मौके पर जाकर जांच की और पूरी घटना की वीडियोग्राफी भी करवाई। इसके बाद उन्होंने संबंधित थाने में तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस अब मामले की जांच में जुट गई है और इन बेखौफ चोरों की तलाश कर रही है, जिन्होंने देश के सबसे बड़े हाईकोर्ट में से एक में सेंध लगाकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Also Read: IND vs ENG Test: ‘गिल’ है कि मानता नहीं… इंग्लैंड की जमीन पर खेली करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी

