ताजमहल को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, तीन घंटे चला तलाशी अभियान

Sandesh Wahak Digital Desk: शनिवार सुबह एक ईमेल धमकी ने देश की सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया। इस ईमेल में केरल से ताजमहल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी, जिसके बाद ताजमहल और उसके आस-पास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

ईमेल मिलने के तुरंत बाद सीआईएसएफ, ताज सुरक्षा पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड, पर्यटन पुलिस और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग (ASI) की टीमों ने मिलकर करीब तीन घंटे तक पूरे परिसर की गहन तलाशी ली। राहत की बात ये रही कि जांच के दौरान कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

सुरक्षा एजेंसियों ने ताजमहल के पूर्वी और पश्चिमी प्रवेश द्वार पर अतिरिक्त सतर्कता बरतनी शुरू कर दी। यहां तक कि पर्यटकों को पेन तक ले जाने की अनुमति नहीं दी गई। हर आने-जाने वाले पर सीसीटीवी कैमरों से कड़ी नजर रखी गई।

तीन घंटे की व्यापक तलाशी के बाद जब कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, तो सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली। पुलिस ने मामले को झूठी धमकी (हॉक्स मेल) बताया और अब इसकी जांच साइबर सेल को सौंप दी गई है।

ईमेल में लिखा था ताजमहल को 3:30 बजे उड़ाया जाएगा

सुबह करीब 7 बजे, केरल से ‘सव्वाकू शंकर’ नामक ईमेल आईडी से एक धमकी भरा मेल यूपी टूरिज्म, दिल्ली पुलिस और एक अधिकारी अभय श्रीवास्तव की ईमेल पर भेजा गया। इसमें लिखा गया था कि ताजमहल को दोपहर 3:30 बजे तक आरडीएक्स से उड़ा दिया जाएगा।

ईमेल मिलते ही ताजमहल की सुरक्षा में तैनात सभी एजेंसियों ने तुरंत अलर्ट जारी कर दिया। दोपहर 1 बजे से लेकर 3 बजे तक ताज परिसर में हर कोना खंगाला गया। मुख्य गुंबद, चमेली फर्श, मस्जिद, बगीचे, और गलियारों तक को खंगाला गया, लेकिन कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली।

दिलचस्प बात यह रही कि जब तलाशी अभियान चल रहा था, उस दौरान पर्यटकों को असल स्थिति की जानकारी नहीं दी गई। जब कुछ लोगों ने पूछताछ की, तो सुरक्षा अधिकारियों ने कहा कि यह एक रूटीन मॉक ड्रिल है। इस तरह, भारतीय और विदेशी पर्यटक बिना किसी घबराहट के ताजमहल का भ्रमण करते रहे।

एसीपी ताज सुरक्षा सैयद अरीब अहमद ने बताया कि यह धमकी भरा ईमेल केवल ताजमहल को ही नहीं, बल्कि देश के कई अन्य स्थानों को भी भेजा गया था। अब यह मामला साइबर सेल की जांच में है, और साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

Also Read: विराट कोहली ने हनुमान गढ़ी में की पूजा, पत्नी अनुष्का के साथ लिया भगवान का आशीर्वाद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.