वाराणसी में दर्दनाक सड़क हादसा, डंपर की चपेट में आने से तीन की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: वाराणसी के रामनगर थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक सवार एक दंपती और उनके एक वर्षीय मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना भीटी पुलिस चौकी के पास हुई, जब उनकी बाइक डंपर की चपेट में आ गई।
भीटी चौकी के पास हुआ हादसा
दुर्घटना रामनगर से टेंगरामोड़ जाने वाले मार्ग पर, भीटी पुलिस चौकी से आगे शुभरतना रेस्टोरेंट के सामने मोड़ पर हुई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, डंपर और बाइक दोनों एक ही दिशा (रामनगर से टेंगरामोड़) की ओर जा रहे थे। बाइक सवार ने मोड़ पर डंपर को ओवरटेक करने का प्रयास किया, जिससे बाइक अनियंत्रित हो गई। तीनों लोग डंपर के पहियों के नीचे आ गए और उनकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतकों की पहचान का प्रयास
सूचना मिलते ही रामनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। पुलिस को मृतक पुरुष की जेब में मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान ओमप्रकाश सिंह (31) के रूप में हुई है। पुलिस आधार कार्ड पर दर्ज पते के माध्यम से मृतकों के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।
Also Read: Chitrakoot News: यूपी के ऐतिहासिक गधा मेले में लग रही अमिताभ, शाहरुख, सलमान, आलिया और काजोल की बोली!

