सिद्धार्थ विश्वविद्यालय में गांधी-शास्त्री जयंती पर श्रद्धांजलि व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित
Siddharthnagar News: सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु, सिद्धार्थनगर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर ध्वजारोहण, श्रद्धांजलि एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. कविता शाह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तथा महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. कविता शाह ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री ने युवावस्था में ही देश और समाज की सेवा के लिए स्वयं को समर्पित कर दिया था। गांधी जी उच्च विचारों एवं महान व्यक्तित्व के धनी थे, जबकि शास्त्री जी का जीवन सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा का प्रेरक उदाहरण है।

उन्होंने विद्यार्थियों से दोनों महापुरुषों के जीवन-मूल्यों एवं विचारों से प्रेरणा लेकर अपने व्यक्तित्व का निर्माण करने तथा समाज एवं राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, अनुशासन, सेवा और राष्ट्रहित को जीवन का आधार बनाकर युवा देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं सुहानी, आदित्य पांडे, मानसी वर्मा, अतुल कुमार उपाध्याय एवं कुशल त्रिपाठी ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, व्यक्तित्व और कृतित्व पर अपने विचार रखे। विद्यार्थियों ने दोनों महापुरुषों से जुड़े प्रेरक प्रसंग साझा करते हुए उनके विचारों की वर्तमान समय में प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दौरान परिसर स्थित छोटे बच्चों के संस्थान किलकारी के बच्चों ने भी महात्मा गांधी के जीवन एवं विचारों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। बच्चों की प्रस्तुति के माध्यम से गांधी जी के सत्य, अहिंसा और सादगी के संदेश को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का संचालन खुशी त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
रिपोर्ट- जाकिर खान

