हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में रोहित लाडला गिरफ्तार, साजिश में भूमिका का आरोप

Ankit Baliyan Murder Case: हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। सोनीपत के उल्देपुर ठरू निवासी रोहित उर्फ लाडला को सोनीपत से पकड़ा गया है। पुलिस के मुताबिक, उसने एनकाउंटर में मारे गए शूटर मोहित का संपर्क मुख्य साजिशकर्ता भोलू शाहपुरिया से कराया था। हत्या की योजना आगे बढ़ाने और दूसरे शूटरों के साथ तालमेल बैठाने में भी उसकी भूमिका सामने आई है।

एसपी एनपी सिंह के अनुसार, जांच के दौरान रोहित का नाम सामने आया। पुलिस उससे पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर फरार शूटरों और अन्य आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

जिम से निकलते ही सिंगर की हत्या

बाबरी क्षेत्र के बंतीखेड़ा गांव निवासी अंकित बालियान की 26 अगस्त को शाम करीब पौने सात बजे शामली के आर्यपुरी इलाके में हत्या कर दी गई थी। वह नालापटरी स्थित फिटनेस जिम से बाहर निकल रहे थे, तभी हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं।

CCTV फुटेज की जांच में चार शूटरों की पहचान हुई थी। इनमें सोनीपत निवासी मोहित और सुमित 31 अगस्त को कैराना रोड पर पुलिस मुठभेड़ में मारे गए थे। सत्यम और आर्यन अब भी फरार हैं। जांच में हरियाणा और तिहाड़ जेल में बंद बदमाशों के तार भी इस मामले से जुड़ने की बात सामने आई है।

परिवार को 5 अक्टूबर तक गिरफ्तारी का भरोसा

अंकित के पिता सतबीर फौजी ने बताया कि पुलिस अधिकारियों ने उन्हें 5 अक्टूबर तक सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है। परिवार फिलहाल इस भरोसे पर आश्वस्त है। तय समय तक मुख्य साजिशकर्ता और फरार शूटर नहीं पकड़े गए, तो परिवार ग्रामीणों और शुभचिंतकों के साथ बैठक कर आगे की रणनीति बनाएगा।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.