Azamgarh News: युवक की हत्या के दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, फायरिंग में दोनों के पैर में लगी गोली

Azamgarh News: आजमगढ़ के जहानागंज थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जहानागंज पुलिस ने एक युवक की हत्या के मामले में वांछित दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। यह मुठभेड़ थाना जहानगंज के गोधौरा गांव के बाजार जाने वाले मार्ग पर देर रात हुई, जिसमें दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है।

गोली लगने से घायल आरोपियों की पहचान पवन यादव (निवासी सिधारी) और अभिषेक चौहान (निवासी मऊ) के रूप में हुई है। दोनों घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। इसके अलावा, पुलिस ने इस मामले से जुड़े एक और आरोपी अंकित यादव को भी गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के कब्जे से एक अवैध पिस्तौल, कारतूस, एक अवैध तमंचा और बिना नंबर की एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

दरअसल, 20 अक्टूबर की रात लगभग 8:00 बजे विवेक कुमार (पुत्र रघुनाथ) की उनके ही पड़ोस के कुछ लोगों ने आपसी कहासुनी के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना की जानकारी मिलते ही जिले के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे थे और हत्याकांड के खुलासे के लिए तुरंत निर्देश दिए गए थे। इस मामले में थाने पर शिवम यादव और पीयूष यादव सहित कुल छह आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के तुरंत बाद एक अभियुक्त विशाल सिंह को मौके से ही घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया था।

Jahanganj police station

पुलिस ने कैसे पकड़ा

जिले के एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर जहानागंज थाने की पुलिस इस हत्याकांड में शामिल बाकी आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी बीच देर रात्रि चेकिंग के दौरान, बाइक पर सवार इन दोनों अभियुक्तों को जब पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी कार्रवाई (कंट्रोल फायरिंग) में अभियुक्त पवन यादव के दाहिने पैर में और दूसरे आरोपी अभिषेक चौहान के बाएं पैर में गोली लगी। दोनों घायलों को अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस के इस सफल ऑपरेशन में जहानागंज थाने के प्रभारी अतुल कुमार मिश्र और सब इंस्पेक्टर वीरेंद्र कुमार यादव शामिल रहे। पुलिस अब घटना की विवेचना में फील्ड यूनिट की मदद से साक्ष्यों का संकलन कर रही है।

Also Read: छठ पर्व पर यात्रियों की सुविधा के लिए उत्तर रेलवे की विशेष तैयारी, दिल्ली क्षेत्र के स्टेशनों पर बढ़ी सुविधाएं

Get real time updates directly on you device, subscribe now.