Bareilly News: वकील के बेटे की हत्या की धमकी और फिरौती मांगने वाले दो गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद

Bareilly News: बरेली के थाना कैंट पुलिस ने एक सनसनीखेज रंगदारी मामले का खुलासा करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इन बदमाशों ने खुद को लल्ला गद्दी बताकर एक अधिवक्ता के बेटे की हत्या की धमकी दी थी और 2 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। पुलिस ने इनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस की जांच में सामने आया कि मुख्य अभियुक्त ने पुरानी रंजिश और पारिवारिक अलगाव पैदा करने की नीयत से यह साजिश रची थी।

फर्जी सिम से दी गई थी धमकी

घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त वैभव सिंह के गांव की एक युवती की शादी वादी के बेटे अर्पित से हुई थी, जिससे वैभव रंजिश रखता था। इसी रंजिश का बदला लेने के लिए वैभव ने अपने साथियों आकाश और अकरम के साथ मिलकर खौफ पैदा करने की योजना बनाई।

इन्होंने अकरम द्वारा उपलब्ध कराए गए फर्जी सिम कार्ड का उपयोग किया और लल्ला गद्दी के नाम का सहारा लिया ताकि परिवार में दहशत फैल जाए। फिलहाल पुलिस फरार अभियुक्त अकरम की तलाश में जुटी है, जबकि गिरफ्तार आरोपियों के लंबे आपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: राहुल गांधी की संपत्ति विवाद मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने CBI और ED समेत कई केंद्रीय एजेंसियों से मांगा जवाब

Get real time updates directly on you device, subscribe now.