Lucknow News: CJP और वामपंथी संगठनों के खिलाफ ABVP कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार प्रदर्शन
Lucknow News: राजधानी लखनऊ में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने आक्रामक तेवर दिखाते हुए कॉकरोच जनता पार्टी और विभिन्न वामपंथी संगठनों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। रविवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे लखनऊ विश्वविद्यालय के गेट नंबर-3 पर लगभग 200 कार्यकर्ता और पदाधिकारी भगवा झंडे, पटके और विरोध-प्रदर्शन वाले पोस्टरों के साथ एकत्र हुए।
कार्यकर्ताओं का यह गुस्सा दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर किए गए प्रदर्शनों और कॉकरोच जनता पार्टी व AISA जैसी संस्थाओं की गतिविधियों के खिलाफ फूटा था। विश्वविद्यालय परिसर से हजरतगंज चौराहे की ओर मार्च कर रहे छात्रों को रोकने के लिए पुलिस ने केडी सिंह बाबू स्टेडियम के पास मजबूत बैरिकेडिंग कर रखी थी। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी धक्का-मुक्की देखने को मिली, जब आक्रोशित कार्यकर्ता बैरिकेड्स फांदकर हंगामा करने लगे। उनके हाथों में लोकतांत्रिक संस्थानों पर हमला नहीं सहेंगे और कॉकरोच पार्टी मुर्दाबाद जैसे नारे लिखे पोस्टर नजर आए।

नेताओं के तीखे तेवर और राष्ट्रवाद की हुंकार
प्रदर्शन के दौरान छात्र नेताओं ने तीखे तेवर अपनाते हुए नेहा बोरा, अभिजीत दीपके और यूट्यूबर ध्रुव राठी पर देश विरोधी ताकतों का साथ देने का गंभीर आरोप लगाया। नेता अर्पण कुशवाहा ने कहा कि राष्ट्रवाद के खिलाफ आवाज उठाने वाले और देश की छवि धूमिल करने वाले मौसमी संगठन एबीवीपी की आंधी के सामने नहीं टिक पाएंगे।
बुंदेलखंड से पहुंचे सूर्य प्रताप सेंगर ने कहा कि देश के जिम्मेदार और लोकतांत्रिक संस्थानों पर सुनियोजित हमले को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि ध्रुव राठी देश का माहौल खराब करने के बाद अब विदेशों से राष्ट्रविरोधी एजेंडे को हवा दे रहे हैं, जिन्हें छात्र संगठन पूरी ताकत से बेनकाब करेंगे।
Also Read: नेहा सिंह राठौर के समर्थन में आईं कंगना रनौत, बोलीं- TRP के लिए महिला को बदनाम करना नीचता

