लखनऊ एयरपोर्ट पर इंडिगो के दो विमानों की इमरजेंसी लैंडिंग, जानिए क्या है वजह?
Sandesh Wahak Digital Desk: मंगलवार को खराब मौसम के कारण इंडिगो एयरलाइंस के दो अलग-अलग विमानों को लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। ये दोनों उड़ानें अपने गंतव्य, वाराणसी और प्रयागराज, पर उतर नहीं पाईं, जिसके बाद उन्हें लखनऊ डायवर्ट किया गया।
वाराणसी वाली उड़ान
इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-2211, जो दिल्ली से वाराणसी जा रही थी, उसे सुबह के समय वाराणसी एयरपोर्ट के पास खराब मौसम के कारण उतरने की अनुमति नहीं मिली। मिली जानकारी के अनुसार यह उड़ान सुबह 4:50 बजे दिल्ली से रवाना हुई थी। वाराणसी एयरपोर्ट के पास एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से लैंडिंग की अनुमति न मिलने पर पायलट को उड़ान को लखनऊ डायवर्ट करना पड़ा।
विमान ने वाराणसी एयरपोर्ट के पास 5 चक्कर लगाए। लखनऊ में सुबह 6:42 बजे इसकी सुरक्षित लैंडिंग हुई। इस विमान में 6 क्रू और 86 यात्री सवार थे। अमौसी एयरपोर्ट पर लगभग डेढ़ घंटे खड़े रहने के बाद, मौसम सामान्य होने पर विमान को सुबह करीब 8:15 बजे वाराणसी के लिए रवाना किया गया।
प्रयागराज वाली उड़ान
इंडिगो की दूसरी फ्लाइट संख्या 6E-5076, जो दिल्ली से प्रयागराज जा रही थी, उसे भी प्रयागराज एयरपोर्ट पर लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली और दोपहर करीब 1:15 बजे लखनऊ डायवर्ट किया गया।
यह उड़ान सुबह 10:55 बजे दिल्ली से चली थी और प्रयागराज पहुँचने के बावजूद वहाँ नहीं उतर सकी। दोपहर 1:15 बजे लखनऊ उतरने के बाद यह विमान फिलहाल अमौसी एयरपोर्ट पर ही खड़ा है। एयरलाइन प्रबंधन ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है।

