आगरा में 55 लाख की चरस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, ANTF ने फ्लाईओवर के पास दबोचा
Agra Crime News: एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) मेरठ की टीम ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आगरा में दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से 11 किलो 5 ग्राम चरस बरामद हुई है, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 55 लाख रुपये आंकी गई है।
यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था अमिताभ यश के निर्देशन में की गई। ANTF ने दोनों आरोपियों को शनिवार, 4 अक्टूबर को आगरा के कमला नगर थाना क्षेत्र में वाटर वर्क्स फ्लाईओवर की सर्विस रोड पर नगर निगम के टिन शेड के पास से पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान परवेज आलम उर्फ राजा (30) पुत्र हबीबुल्ला अंसारी और जबरेज आलम (21) पुत्र मरहूम नजू मियां के रूप में हुई है। दोनों बिहार के पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिले के सुगौली थाना क्षेत्र के बांगरा के रहने वाले हैं।
चरस, मोबाइल और नकदी बरामद
तस्करों के पास से 11.005 किलो चरस, एक मोबाइल फोन और 1,640 रुपये नकद बरामद किए गए। मामले में कमला नगर थाना, कमिश्नरेट आगरा में एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 8/20/29 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे पार्टनर हैं और काफी समय से चरस की तस्करी कर रहे हैं। वे चरस की खेप लेकर आगरा पहुंचे थे और यहां एक व्यक्ति के माध्यम से दूसरे व्यक्ति को इसकी सप्लाई करने वाले थे। पुलिस के मुताबिक, यह नेटवर्क आगरा और आसपास के इलाकों में चरस पहुंचाता है। आरोपियों ने पहले भी कई बार आगरा में चरस सप्लाई करने की बात कबूल की है।
ANTF को पूछताछ में गिरोह के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। इसके आधार पर अब नेटवर्क से जुड़े अन्य सहयोगियों की तलाश की जा रही है।
Also Read: लखनऊ में लूडो खेलते-खेलते हुआ विवाद, 32 साल के युवक की कैंची घोंपकर हत्या

