UP STF के हत्थे चढ़े अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो तस्कर
Lucknow News: उत्तर प्रदेश एसटीएफ (STF) ने राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र से अंतरराज्यीय स्तर पर अवैध असलहों की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो सक्रिय तस्करों को गिरफ्तार किया है। अहमामऊ सर्विस रोड स्थित अमारा फार्म मोड़ से रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे की गई इस कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से 9एमएम की 2 अवैध पिस्तौल, 32 बोर की 2 पिस्तौल, 315 बोर का एक तमंचा, दो बैग और 1340 रुपये नकद बरामद किए गए।
बिहार व एमपी से लाकर दोगुने दाम पर बेचते थे असलहे
पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुल्तानपुर निवासी अमरजीत यादव और नौशाद के रूप में हुई है। एसटीएफ की पूछताछ में मुख्य आरोपी अमरजीत ने खुलासा किया कि वह पूर्व के कई आपराधिक मुकदमों के कारण पहचान छिपाकर लखनऊ में रह रहा था और यहीं से तस्करी का नेटवर्क चला रहा था। यह गिरोह मध्य प्रदेश और बिहार से 30 से 40 हजार रुपये में अवैध असलहे खरीदता था और उन्हें उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में 80 हजार से 1 लाख रुपये तक की मोटी रकम में बेच देता था।
तस्कर अमरजीत यादव एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ सुल्तानपुर और अयोध्या (फैजाबाद) के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित कुल 17 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। एसटीएफ की सूचना पर अहिमामऊ चौकी इंचार्ज और स्थानीय पुलिस टीम की मदद से यह बड़ी सफलता हासिल हुई। मामले में थाना सुशांत गोल्फ सिटी में आर्म्स एक्ट की प्रासंगिक धाराओं (3/5/7/25) के तहत प्राथमिकी (मु.अ.सं. 668/2026) दर्ज कर ली गई है और आगे की विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।
Also Read: रोहित-विराट के 2027 वर्ल्ड कप खेलने पर शुभमन गिल का बड़ा बयान, बोले- अब प्रयोग का समय नहीं

