Bareilly News: रक्तदान शिविर में अपर नगर आयुक्त ने खुद पहला रक्तदान कर पेश की मिसाल

Bareilly News: स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ व ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़े के तहत रविवार को बरेली नगर निगम की एसबीएम (SBM) टीम द्वारा 300 बेड अस्पताल में एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक चले इस शिविर का उद्देश्य स्वच्छता के साथ-साथ सामाजिक संवेदनशीलता और मानवीय कर्तव्यों का संदेश देना था।

शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे अपर नगर आयुक्त शशि भूषण राय (PCS) ने फीता काटकर कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन किया। उद्घाटन के तुरंत बाद उन्होंने खुद सबसे पहले रक्तदान कर उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों के सामने प्रेरणास्पद उदाहरण प्रस्तुत किया। उनके इस कदम से प्रेरित होकर शिविर में मौजूद लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।

अधिकारियों और कर्मचारियों ने निभाई सक्रिय भूमिका

कार्यक्रम के सफल आयोजन व समन्वय में उप नगर स्वास्थ्य अधिकारी (Deputy NSA) डॉ. सतीश चौधरी और डॉ. अमित दिनकर की मुख्य भूमिका रही। इस दौरान सीएसएफआई महेंद्र प्रताप सिंह राठौर, एसएफआई दीपक, नीरज, संजीव, राकेश, संजय, पूर्णिमा कुमार तथा सुपरवाइजर संजय राठौर व रोशन लाल ने स्वयं रक्तदान कर दूसरों को प्रेरित किया। इसके अलावा ब्रांड एंबेसडर मोहित शर्मा, एसबीएम टीम और स्थानीय नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

रक्तदान शिविर में अपर नगर आयुक्त ने खुद पहला रक्तदान कर पेश की मिसाल

रक्तदाताओं को मिला प्रशस्ति पत्र और जलपान

शिविर में भाग लेने वाले सभी रक्तदाताओं को उनकी इस सामाजिक सेवा के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। रक्तदान के उपरांत सभी प्रतिभागियों के लिए अनार का जूस, बिस्किट व आवश्यक अल्पाहार की समुचित व्यवस्था की गई थी। इस पहल के जरिए समाज में यह संदेश दिया गया कि रक्तदान केवल एक कार्य नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद का जीवन बचाने की सबसे बड़ी मानवीय जिम्मेदारी है।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: Bareilly News: गुदड़ बाग मंदिर परिसर में सेवा सेतु अभियान का हुआ भव्य शुभारंभ

Get real time updates directly on you device, subscribe now.