उमाशंकर मर्डर केस: अखंडनगर में पुलिस का ऑपरेशन सफल, दो आरोपी हथियार के साथ गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: उमाशंकर दुबे हत्याकांड के दो नामजद आरोपियों को सुल्तानपुर पुलिस ने बुधवार सुबह गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के दौरान अखंडनगर थाना क्षेत्र में एक आरोपी विवेक उर्फ पिल्लू पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया, जबकि दूसरे आरोपी आशीष को भागते समय दबोचा गया।
मुठभेड़ और गिरफ्तारी का विवरण
कादीपुर के क्षेत्राधिकारी (सीओ) विनय गौतम ने बताया कि अखंडनगर थाने में पंजीकृत हत्या के मामले में नामजद आरोपी विवेक उर्फ पिल्लू और आशीष निवासी खुशामदपुर को एक्सप्रेस-वे के सर्विस लेन पर मोकलपुर तिराहा के कच्चे मार्ग पर गिरफ्तार किया गया।
सीओ ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान आरोपी विवेक उर्फ पिल्लू के बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लगी। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। वहीं, दूसरा आरोपी आशीष मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, जिसे पुलिस टीम ने पकड़ लिया।
हत्या की पृष्ठभूमि
ज्ञात हो कि मंगलवार को खानपुर पिलाई गांव के पास उमाशंकर दुबे की बेरहमी से पिटाई के बाद मौत हो गई थी। मृतक के बेटे दिलीप दुबे ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि दोपहर करीब 1 बजे जब उनके पिता उमाशंकर दुबे भैंस चरा रहे थे, तब उन्होंने आशीष और विवेक उर्फ पिल्लू को कुछ लोगों से पिटते हुए देखा। उमाशंकर दुबे ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग किया था।
तहरीर के अनुसार, झगड़ा शांत होने के लगभग दो घंटे बाद, विवेक और आशीष अपने कुछ साथियों के साथ वापस आए और लाठी-डंडों, बेल्ट और अवैध असलहों से उमाशंकर दुबे पर हमला कर दिया। इस हमले के कारण उमाशंकर दुबे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के प्रत्यक्षदर्शी रितेश यादव और आकाश निवासी खानपुर बताए जा रहे हैं। दिलीप दुबे की शिकायत के आधार पर अखंडनगर थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
Also Read: हेलीकॉप्टर लैंडिंग के दौरान टला बड़ा हादसा, बाल-बाल बचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू!

