DPL मैच में अंपायर के चेहरे पर लगी तेज रफ्तार गेंद, ICU में भर्ती, मैदान पर मची अफरा-तफरी
Sports News: दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL 2026) के एक मुकाबले में ऑन-फील्ड अंपायर धर्मेश भारद्वाज गंभीर रूप से घायल हो गए।
ईस्ट दिल्ली राइडर्स और न्यू दिल्ली टाइगर्स के बीच मुकाबले के दौरान एक तेज रफ्तार गेंद सीधे उनके चेहरे पर जा लगी।
चोट गंभीर होने के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें ICU में भर्ती कराया गया है।
यह घटना न्यू दिल्ली टाइगर्स की पारी के 18वें ओवर में हुई। स्पिनर आशीष मीना की गेंद पर बल्लेबाज लक्ष्य थारेजा ने जोरदार स्ट्रेट ड्राइव खेला।
गेंद इतनी तेजी से वापस आई कि गेंदबाज के पास प्रतिक्रिया देने का भी पर्याप्त समय नहीं था।
अंपायर धर्मेश भारद्वाज गेंद की सीध में खड़े थे। वह संभल पाते, इससे पहले ही गेंद उनके चेहरे के दाहिने हिस्से पर जा लगी।
गेंद लगते ही अंपायर मैदान पर गिर पड़े। खिलाड़ियों ने तुरंत उनकी तरफ दौड़कर मेडिकल टीम को बुलाया।

इस सीजन में दूसरी बार लगी चोट
मैदान पर प्राथमिक उपचार के बाद धर्मेश भारद्वाज को अस्पताल ले जाया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, चोट की गंभीरता को देखते हुए उन्हें ICU में भर्ती किया गया है।
बताया जा रहा है कि इस सीजन में उनके साथ गेंद लगने की यह दूसरी घटना है। इससे पहले भी एक मुकाबले में गेंद उनके कंधे पर लगी थी।
ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने 36 रन से जीता मैच
मुकाबले में ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 192 रन बनाए।
मयंक रावत ने 23 गेंदों पर 40 रन की तेज पारी खेली। जवाब में न्यू दिल्ली टाइगर्स की टीम 156 रन पर ऑलआउट हो गई और ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने 36 रन से मुकाबला जीत लिया।
हालांकि, मैच के नतीजे से ज्यादा चर्चा अंपायर धर्मेश भारद्वाज के साथ हुए इस दर्दनाक हादसे की हो रही है।

