उन्नाव में यात्रियों से भरी मिनी बस पलटी, महिला की मौत, कई यात्री घायल

Unnao News: उन्नाव में शुक्रवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया। उन्नाव-सफीपुर मार्ग पर दोस्ती नगर नहरिया और थाना गांव के बीच एक निजी मिनी बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा करीब 2:30 बजे शारदा रिसोर्ट के सामने हुआ।

बताया गया कि मिनी बस करीब 40 यात्रियों को लेकर मियागंज से उन्नाव की तरफ जा रही थी। उन्नाव-हरदोई-सफीपुर मार्ग पर अचानक बस का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद बस सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।

अस्पताल ले जाते ही महिला ने तोड़ा दम

दुर्घटना में कई यात्री घायल हुए। गंभीर रूप से घायल एक महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतका की पहचान मियागंज नगर निवासी सबा (45) के रूप में हुई है। वह इसरार अहमद की पत्नी थीं। परिजनों के मुताबिक सबा के दो बच्चे हैं। इनमें 10 साल का बेटा और चार साल की बेटी है। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

सूचना मिलने के बाद माखी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे में घायल अन्य यात्रियों को प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उन्हें घर भेज दिया गया।

पुलिस की शुरुआती जांच में बस के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है। घटना के बाद कुछ समय तक सड़क पर लोगों की भीड़ जुटी रही। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.