निषाद समाज के अपमान पर कांग्रेस का BJP पर हमला, अजय राय बोले- कार्रवाई करे सरकार
Lucknow News: लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने निषाद समाज से जुड़े विवाद को लेकर बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी समर्थित राजू दास ने डीडी न्यूज के लाइव कार्यक्रम में कांग्रेस प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया और धमकी दी। अजय राय ने कहा कि शिकायत के बावजूद अब तक FIR दर्ज नहीं होना गंभीर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने दावा किया कि इससे प्रदेश के निषाद समाज में नाराजगी है। अजय राय ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि निषाद समाज बीजेपी को जवाब देगा।
राजू दास पर कार्रवाई की मांग
कांग्रेस नेता राम निहाल निषाद ने कहा कि निषाद समाज के पारंपरिक भोजन और अधिकारों को लेकर बीजेपी पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के समय निषादों को तालाब, नौका घाट, बालू घाट और जमीन के पट्टे दिए गए थे, जिन्हें बाद में छीना गया।
कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि उन्होंने राजू दास के खिलाफ मथुरा के सदर बाजार थाने में शिकायत दी है, लेकिन अभी तक FIR नहीं हुई। उन्होंने मांग की कि आरोपी के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की जाए। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं हुई तो विरोध और व्यापक हो सकता है।
सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल
अजय राय ने प्रदेश में बच्चियों से दुष्कर्म की कई घटनाओं का जिक्र करते हुए सरकार की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि इन मामलों में एनकाउंटर या बुलडोजर कार्रवाई क्यों नहीं हुई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि निषाद समाज के अधिकारों और सम्मान के मुद्दे को पार्टी आगे भी उठाती रहेगी।
Also Read: यूपी में विद्युत सखियों ने रचा इतिहास, ₹3,562 करोड़ का बिजली बिल किया जमा

