यूपी में विद्युत सखियों ने रचा इतिहास, ₹3,562 करोड़ का बिजली बिल किया जमा
UP Vidyut Sakhi: उत्तर प्रदेश में ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए चलाया जा रहा विद्युत सखी अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (UPSRLM) की इस पहल से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को रोजगार और नियमित आय का अवसर मिल रहा है।
मिशन निदेशक अरुण कुमार के अनुसार, अभियान शुरू होने से अब तक 16,021 सक्रिय विद्युत सखियों ने 3,562 करोड़ से ज्यादा के बिजली बिल जमा किए हैं। इस दौरान 1.55 करोड़ से अधिक बिलों का संग्रह हुआ और महिलाओं ने 46 करोड़ से ज्यादा कमीशन कमाया।
एक महीने में जमा हुए 350 करोड़
वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक विद्युत सखियों ने 250 करोड़ से अधिक का राजस्व जुटाया है और 3.15 करोड़ से ज्यादा कमीशन अर्जित किया है। इससे पहले 2025-26 में 1,451 करोड़, 2024-25 में 1,044 करोड़, 2023-24 में 466 करोड़ और 2022-23 में 263 करोड़ का संग्रह हुआ था।
कार्यक्रम के प्रभारी मिशन प्रबंधक आयुष वर्मा के मुताबिक, 2022-23 में पूरे साल ₹263 करोड़ का बिल संग्रह हुआ था। वहीं दिसंबर 2025 में सिर्फ एक महीने में 350 करोड़ जमा किए गए।
इन जिलों की विद्युत सखियों ने बनाया रिकॉर्ड
बिजनौर, सहारनपुर, सुल्तानपुर, मेरठ और अमेठी समेत कई जिलों में बेहतर प्रदर्शन हुआ। शीर्ष 10 विद्युत सखियों ने इस वित्तीय वर्ष में नए ई-वॉलेट के जरिए 20 करोड़ से ज्यादा का बिल संग्रह किया। मेरठ की संगीता ने 8,718 बिलों से करीब 3 करोड़, बाराबंकी की लक्ष्मी देवी ने 8,386 बिलों से करीब 2 करोड़ और अमेठी की सोनी द्विवेदी ने 6,556 बिलों से ₹2.27 करोड़ जमा किए।

