देवरिया में BJP के स्वागत कार्यक्रम में बवाल, आपस में भिड़े भाजपाई, VIDEO वायरल
Deoria News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। इसी बीच सत्ताधारी भाजपा के भीतर आपसी विवाद की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। मंगलवार को देवरिया में पार्टी के एक स्वागत कार्यक्रम के दौरान दो गुटों में विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ा कि एक कार्यकर्ता की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
स्वागत के दौरान भिड़े दो गुट
जानकारी के मुताबिक, भाजपा के सोशल मीडिया के राष्ट्रीय सहसंयोजक शिवानंद द्विवेदी के स्वागत के लिए कार्यकर्ता जिले की सीमा खरोह के पास जुटे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई। वायरल वीडियो में कुछ कार्यकर्ता आपस में भिड़ते दिखाई दे रहे हैं।
सुरक्षाकर्मियों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन स्थिति नहीं संभली। इसी दौरान कुछ लोगों ने एक कार्यकर्ता को लाठी-डंडों से पीट दिया। वह किसी तरह मौके से भागकर बचा। घटना के बाद वहां अफरातफरी मच गई। मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद बताए गए हैं। पार्टी के बड़े पदाधिकारी फिलहाल मामले पर कुछ बोलने से बच रहे हैं।
कानपुर में भी हो चुका है विवाद
इससे पहले कानपुर में भाजपा के क्षेत्रीय प्रभारी शंकरलाल लोधी के स्वागत कार्यक्रम में दो नेताओं और उनके समर्थकों के बीच मारपीट हुई थी। केशव नगर स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में आगे बैठने को लेकर विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते थप्पड़, लात-घूंसे और जूते-चप्पल चलने लगे।
पार्टी ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता माना है। क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय कमेटी गठित की है।
Also Read: गाजियाबाद में 150 किलो से ज्यादा गांजा बरामद, पांच तस्कर गिरफ्तार

