UP Election 2027: PDA के जवाब में BJP का नया दांव, विनोद तावड़े ने यूपी संगठन को दिए खास निर्देश
UP News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बीजेपी ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
पार्टी के यूपी प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े के दो दिवसीय लखनऊ दौरे में संगठन को मजबूत करने से लेकर बूथ स्तर की रणनीति तक कई मुद्दों पर मंथन हुआ।
तावड़े ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों डिप्टी सीएम और संगठन के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की।
हर बूथ और हर जाति पर फोकस
तावड़े ने पार्टी पदाधिकारियों को हर बूथ के लिए अलग कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। 2022 में बीजेपी के कमजोर प्रदर्शन वाले बूथों की पहचान कर वहां संगठन मजबूत करने पर जोर दिया गया।

उन्होंने कहा कि संख्या कम होने के बावजूद किसी भी जाति को पार्टी के संपर्क से बाहर नहीं रखा जाना चाहिए।
पार्टी नेताओं को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में ज्यादा समय बिताने और बूथ स्तर पर युवाओं को जोड़ने के निर्देश भी दिए गए हैं।
2022 में गंवाई गई सीटों की समीक्षा के साथ एनडीए के कमजोर प्रदर्शन वाले क्षेत्रों पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया है।
PDA के मुकाबले BJP का नैरेटिव
तावड़े ने समाजवादी पार्टी के PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) नारे पर भी निशाना साधा। उन्होंने PDA को ‘पराया धन अपना’ बताते हुए सपा पर राजनीतिक तंज किया।
साथ ही सभी सामाजिक वर्गों को जोड़ने और विपक्ष की तैयारियों पर नजर रखने की बात कही।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, मजबूत विपक्षी प्रत्याशियों वाले क्षेत्रों पर विशेष रणनीति बनाने और उनकी ताकत-कमजोरी का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार-संगठन में तालमेल पर जोर
तावड़े ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दोनों डिप्टी सीएम से मुलाकात कर सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय पर चर्चा की।
पार्टी की योजनाओं और सरकार के कामकाज को जनता तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।
तावड़े ने नेताओं से लखनऊ में ज्यादा समय बिताने के बजाय अपने निर्धारित क्षेत्रों में जाकर संगठन को मजबूत करने को कहा है।
पार्टी का फोकस अब 2027 चुनाव तक बूथ स्तर की तैयारियों को मजबूत करने पर है।

