जौहर यूनिवर्सिटी पर कार्रवाई से भड़के अखिलेश, बोले- शिक्षा में भी सांप्रदायिकता देखती है भाजपा
Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय को लेकर हो रही कार्रवाई पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शिक्षा को भी सांप्रदायिक नजरिये से देखती है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर किए गए पोस्ट में अखिलेश ने कहा कि शिक्षा, शिक्षक, छात्र और रोजगार भाजपा के एजेंडे में नहीं हैं।
38 इमारतों को गिराने के आदेश पर उठाए सवाल
अखिलेश यादव की यह प्रतिक्रिया रामपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) द्वारा मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय की 38 इमारतों को ध्वस्त करने के आदेश के बाद आई है। प्राधिकरण का कहना है कि इन भवनों का निर्माण बिना स्वीकृत भवन योजना के किया गया।
वहीं विश्वविद्यालय प्रशासन का दावा है कि निर्माण के समय यह क्षेत्र आरडीए के अधिकार क्षेत्र में नहीं था। हालांकि, आरडीए ने इस दलील को खारिज करते हुए कहा कि सक्षम प्राधिकारी से अनुमति लेना जरूरी था।
पीडब्ल्यूडी ने सड़क को किया सार्वजनिक घोषित
इसी बीच उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने विश्वविद्यालय परिसर से गुजरने वाली तीन किलोमीटर लंबी चार लेन सड़क को सार्वजनिक मार्ग घोषित कर दिया है। यह सड़क वर्ष 2016-17 में तत्कालीन सपा सरकार के दौरान करीब 17.16 करोड़ रुपये की लागत से बनाई गई थी। विभाग ने सड़क पर ‘आम रास्ता’ के बोर्ड भी लगा दिए हैं।
गौरतलब है कि 2006 में स्थापित यह विश्वविद्यालय भूमि अतिक्रमण और पट्टा उल्लंघन से जुड़े मामलों को लेकर लंबे समय से कानूनी विवादों में है। इस वर्ष की शुरुआत में आजम खान और उनके परिवार ने विश्वविद्यालय के शासी ट्रस्ट से भी औपचारिक रूप से खुद को अलग कर लिया था।
Also Read: अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला, बोले- डबल इंजन सरकार में किसान सबसे ज्यादा परेशान

