UP में बाढ़-बारिश से बिगड़े हालात, आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने CM योगी को पत्र लिखकर की मुआवजे की मांग

UP Flood News: उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर से कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। इसे लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने योगी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत-बचाव अभियान चलाने की मांग की है।

लखनऊ समेत कई जिलों में बिगड़े हालात

आराधना मिश्रा ने कहा कि प्रदेश के कई जिलों में बाढ़ ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। राजधानी लखनऊ के इटौंजा, बख्शी का तालाब और फैजुल्लागंज में जलभराव से हजारों परिवार प्रभावित हैं। मामा कॉलोनी, दाउदनगर, लोहरामऊ और घैला समेत कई इलाकों में लोगों के सामने घर और रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है।

उन्होंने बताया कि लखीमपुर में शारदा नदी के कटान, गोला के रूरा सुल्तानपुर और बिजुआ के अलावा सीतापुर, हरदोई के संडीला और सवायजपुर, बाराबंकी, अयोध्या, बलरामपुर और कुशीनगर में भी हालात गंभीर हैं। कई जगह तटबंधों को नुकसान पहुंचने से गांवों में पानी घुस गया है और हजारों हेक्टेयर कृषि भूमि जलमग्न हो गई है।

किसानों के लिए मुआवजे की मांग

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बाढ़ में किसानों की महीनों की मेहनत बर्बाद हो गई है और हजारों परिवार विस्थापन की स्थिति में पहुंच गए हैं। उन्होंने सरकार से कहा कि राहत के दावे केवल कागजों तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि जमीन पर राहत कार्य दिखाई देना चाहिए।

उन्होंने मुख्यमंत्री से हर प्रभावित गांव और क्षेत्र में फसल नुकसान का तत्काल और पारदर्शी सर्वे कराने की मांग की। साथ ही किसानों को बिना देरी उचित मुआवजा देने की बात कही।

भोजन, पानी और स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग

आराधना मिश्रा ने प्रभावित परिवारों को भोजन, स्वच्छ पेयजल और सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने की मांग की। संक्रमण और जलजनित बीमारियों से बचाव के लिए स्वास्थ्य शिविर लगाने और चिकित्सकीय टीमें तैनात करने को कहा। इसके अलावा उन्होंने बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी बाढ़ नियंत्रण नीति बनाने की भी मांग की।

Also Read: UP में SIR पर सपा ने उठाए सवाल, 50 लाख नए वोटर जोड़ने का लक्ष्य तय करने का लगाया आरोप 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.