यूपी का जलालाबाद अब कहलाएगा परशुराम पुरी, योगी कैबिनेट ने 27 प्रस्तावों को दी मंजूरी

Jalalabad Name Change: लखनऊ में हुई कैबिनेट बैठक में योगी आदित्यनाथ सरकार ने प्रदेश के विकास से जुड़े 27 अहम फैसलों को मंजूरी दी। इन फैसलों में नाम परिवर्तन, निवेश बढ़ाने की नीति, श्रमिकों के लिए स्वास्थ्य सुविधाएं और पशुपालकों के लिए बीमा योजना शामिल हैं। सरकार ने साफ किया कि ये फैसले रोजगार, निवेश और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करेंगे।

जलालाबाद अब भगवान परशुराम पुरी

कैबिनेट ने शाहजहांपुर जिले के जलालाबाद का नाम बदलकर भगवान परशुराम पुरी करने को मंजूरी दी। यह स्थान भगवान परशुराम की जन्मस्थली के रूप में प्रसिद्ध है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और लोगों की लंबे समय से यह मांग थी। पहले इस नगर का नाम मुगल सम्राट अकबर के नाम पर रखा गया था। राज्य सरकार वर्ष 2016 से यहां पर्यटन विकास का काम भी कर रही है।

स्टार्टअप मिशन और नई नीतियां

सरकार ने उत्तर प्रदेश में निवेश बढ़ाने के लिए स्टार्टअप मिशन की स्थापना को मंजूरी दी। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश स्टार्टअप नीति 2026 और डेटा सेंटर नीति 2026 को भी हरी झंडी मिली। मंत्री सुनील शर्मा को आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग सौंपा गया, जबकि धर्मपाल सिंह को पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग की जिम्मेदारी दी गई।

पशुधन बीमा और श्रमिकों के लिए अस्पताल

कैबिनेट ने मुख्यमंत्री जोखिम प्रबंधन एवं पशुधन बीमा योजना को सभी 75 जिलों में लागू करने का फैसला किया। इसमें 85% राज्यांश और 15% लाभार्थी अंश होगा। साथ ही श्रमिकों के इलाज के लिए गोरखपुर और मुरादाबाद में 100-100 बेड के अस्पताल वहीं वाराणसी में ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज के निर्माण को मंजूरी मिली। वाराणसी कॉलेज में 50% एमबीबीएस सीटें श्रमिकों के बच्चों के लिए आरक्षित होंगी।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.