यूपी के सभी मदरसों में गूंजेगा राष्ट्रगान, दानिश आजाद ने ‘हर घर तिरंगा’ पर दिए निर्देश

UP Madarsa: उत्तर प्रदेश सरकार ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को प्रदेश के सभी मदरसों तक पहुंचाने की तैयारी शुरू कर दी है। अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज विभाग के राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने विभाग के प्रमुख सचिव को इस संबंध में जरूरी दिशा-निर्देश जारी करने को कहा है। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चलाया जा रहा है।

राज्यमंत्री ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान, गौरव और एकता की भावना मजबूत करने वाला अभियान है। उन्होंने प्रदेश के सभी मदरसों के विद्यार्थियों और युवाओं को इससे जोड़ने पर जोर दिया।

तिरंगा फहराने से देशभक्ति कार्यक्रम तक

दानिश आजाद अंसारी ने निर्देश दिया कि मदरसों में तिरंगा फहराने के साथ राष्ट्रगान और देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इसके अलावा स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानियों के योगदान पर जागरूकता कार्यक्रम भी कराए जाएं।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से मदरसों में पढ़ने वाले बच्चों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और संवैधानिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना मजबूत होगी।

हर वर्ग को अभियान से जोड़ने पर जोर

राज्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रदेश का हर वर्ग उत्साह के साथ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ेगा और राष्ट्रीय एकता व अखंडता का संदेश देगा।

 

Also Read: पसमांदा मुसलमानों से हमदर्दी है तो भाषण नहीं, आरक्षण दें- मौलाना रशादी 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.