UP News: अखिलेश यादव बोले- भ्रष्टाचार और फर्जीवाड़े का रिकॉर्ड बना रही भाजपा
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को भाजपा सरकार पर चौतरफा हमला बोला। 19 विक्रमादित्य मार्ग स्थित पार्टी मुख्यालय से जारी एक कड़े बयान में उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में ‘डबल इंजन’ की सरकार भ्रष्टाचार और फर्जीवाड़े का नया रिकॉर्ड बना रही है। अखिलेश ने कहा कि जनता को झूठे सपने दिखाकर सरकारी खजाने की बंदरबांट की जा रही है।
हर विभाग में कमीशनखोरी और लूट
सपा अध्यक्ष ने विकास कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए कहा जल जीवन मिशन हो या लोक निर्माण विभाग (PWD) के कार्य, हर जगह भारी कमीशनखोरी हो रही है। भाजपा सरकार सिर्फ पूंजीपतियों और अपने चहेते ठेकेदारों का भला कर रही है। उन्होंने सरकार द्वारा किए गए एमओयू (MOU) को जनता को गुमराह करने वाला बताया और मांग की कि यदि इन सभी एमओयू की निष्पक्ष जांच हो, तो भाजपा का सारा झूठ बेनकाब हो जाएगा।
किसानों की जमीन छीन रही भूमाफिया पार्टी
अखिलेश यादव ने भाजपा को ‘भूमाफिया पार्टी’ करार देते हुए किसानों के मुद्दे पर घेरा। उन्होंने कहा कि अयोध्या, वाराणसी और नोएडा जैसे शहरों में किसानों की कीमती जमीनों को औने-पौने दाम पर छीनकर उद्योगपतियों को सौंपा जा रहा है। किसानों को उनकी जमीन का सही मुआवजा नहीं दिया जा रहा है, जिससे अन्नदाता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।
हवाई अड्डों के ‘भ्रष्ट प्रबंधन’ पर तंज
हालिया नोएडा एयरपोर्ट उद्घाटन के बीच अखिलेश ने प्रदेश के अन्य हवाई अड्डों की स्थिति पर प्रहार किया। “भाजपा के भ्रष्ट प्रबंधन के चलते यूपी के 7 में से 6 नए एयरपोर्ट बंद पड़े हैं। चाहे चित्रकूट हो या कुशीनगर, घरेलू उड़ानों के लिए तैयार एयरपोर्ट्स से उड़ानें ठप हैं। इनका मकसद हवाई जहाज उड़ाना नहीं, बल्कि निर्माण के नाम पर अपनों को ठेके बांटकर सिर्फ ‘कमाना’ है।”
2027 में परिवर्तन का दावा
अखिलेश यादव ने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता भाजपा के भ्रष्टाचार और लूट से त्रस्त हो चुकी है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता इस सरकार को हटाकर भ्रष्टाचार का अंत कर देगी।

