UP Rain Alert: अगले 24 घंटे उत्तर प्रदेश पर भारी, 13 जिलों में रेड अलर्ट, 30 में ऑरेंज और 25 जिलों में येलो वार्निंग

Lucknow News: उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के कई हिस्सों में अगले 24 घंटे के दौरान भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग ने 13 जिलों के लिए रेड अलर्ट, 30 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और 25 जिलों के लिए येलो वार्निंग जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और उत्तर भारत में सक्रिय मानसूनी प्रणाली के कारण प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है।

कई इलाकों में कम समय में अत्यधिक वर्षा होने से जलभराव, नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी और यातायात प्रभावित होने का खतरा है।

इन 13 जिलों में रेड अलर्ट

आईएमडी ने बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, कासगंज, एटा, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं और आसपास के क्षेत्रों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी देते हुए रेड अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में स्थानीय प्रशासन को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।

30 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, संतकबीरनगर, गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकरनगर, सहारनपुर, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद और जालौन में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों में जलभराव और सड़क यातायात प्रभावित हो सकता है।

25 जिलों में येलो वार्निंग

प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को मौसम की बदलती परिस्थितियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

लखनऊ स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी वाली हवाएं उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ रही हैं।

इसके साथ ही उत्तर भारत में मानसूनी ट्रफ मजबूत होने से प्रदेशभर में बारिश का दौर तेज हो गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 24 जुलाई तक कई जिलों में भारी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।

IMD ने बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी दी है। किसानों, खुले मैदान में काम करने वाले लोगों और ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों को विशेष सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों ने बारिश के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े न होने और सुरक्षित पक्के भवन में शरण लेने की अपील की है।

तेज बारिश के बावजूद उत्तर प्रदेश में इस मानसून सीजन की कुल वर्षा अभी भी सामान्य से कम दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अब तक 204.2 मिमी बारिश हुई है, जबकि सामान्य औसत 266.2 मिमी है।

यानी राज्य में अभी भी 23 प्रतिशत वर्षा की कमी बनी हुई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में यह कमी 33 प्रतिशत, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में करीब 6 प्रतिशत दर्ज की गई है।

लोगों के लिए मौसम विभाग की सलाह

मौसम विभाग ने रेड और ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों के लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, जलभराव वाले क्षेत्रों और नदियों-नालों के पास न जाने की अपील की है।

वाहन चालकों को अतिरिक्त सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थान पर रुकने की सलाह दी गई है। वहीं जिला प्रशासन को संभावित आपात स्थितियों से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटे उत्तर प्रदेश के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे केवल मौसम विभाग और प्रशासन की आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें और किसी भी अफवाह से बचें।

Also Read: गाजियाबाद में मालगाड़ी बेपटरी, दिल्ली रूट पर रेल यातायात ठप, 53 ट्रेनें हुईं प्रभावित

Get real time updates directly on you device, subscribe now.