UP Rise 2026 में जुटे प्रदेशभर के युवा, कैंपस ब्रांड एम्बेसडर बनकर निभाएंगे नई जिम्मेदारी

UP Rise 2026: लखनऊ में आयोजित ‘यूपी राइज 2026: संवाद, संकल्प, सफलता’ कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों के छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उत्तर प्रदेश सूचना एवं जनसंपर्क विभाग और टाइम्स नाऊ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं ने ‘कैंपस ब्रांड एम्बेसडर’ बनकर सरकार की योजनाओं और विकास मॉडल को समाज तक पहुंचाने का संकल्प लिया। प्रतिभागियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कौशल विकास, स्टार्टअप, स्वरोजगार और नवाचार से जुड़ी नीतियों की सराहना की।

सोशल मीडिया को बताया बदलाव का प्रभावी माध्यम

कार्यक्रम में डिजिटल युग में सूचना की ताकत और सोशल मीडिया की भूमिका पर विशेष चर्चा हुई। छात्रों ने कहा कि सोशल मीडिया के जरिए सरकारी योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और सकारात्मक बदलावों की जानकारी अधिक लोगों तक पहुंचाई जा सकती है। इस दौरान रेडियो जैसे पारंपरिक माध्यमों की उपयोगिता और सामाजिक मुद्दों पर संवाद की आवश्यकता पर भी विचार साझा किए गए।

छात्रों ने साझा किए अनुभव और भविष्य की योजनाएं

शारदा यूनिवर्सिटी की एमबीबीएस छात्रा सोनाली राजन ने अपनी संघर्षपूर्ण कहानी बताते हुए कहा कि किडनी ट्रांसप्लांट के बाद उन्होंने समाज के लिए काम करने का संकल्प लिया। उन्होंने उत्तर प्रदेश में महिला सुरक्षा को लेकर सरकार की पहल की सराहना की। प्रयागराज की साक्षी ठाकुर ने मेडिकल की जगह सोशल मीडिया को करियर चुनने का अनुभव साझा किया।

वहीं, लखनऊ विश्वविद्यालय के छात्र कृष्णा मिश्रा ने स्कॉलरशिप योजना को अपने करियर के लिए अहम बताया। कानपुर की शिवांगी श्रीवास्तव और मेरठ की वैष्णवी तिवारी ने कहा कि यूपी राइज 2026 युवाओं को नई संभावनाओं और सरकारी योजनाओं से जोड़ने वाला प्रभावी मंच बन रहा है। कार्यक्रम में मिशन शक्ति, ड्रोन दीदी, लखपति दीदी और महिला स्वयं सहायता समूहों की उपलब्धियों पर भी चर्चा हुई।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.