बंगाल की सियासत में बड़ा खेल! सुष्मिता देव समेत TMC के तीन पूर्व सांसद BJP में शामिल
West Bengal Politics: पश्चिम बंगाल में राज्यसभा चुनाव से पहले बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के तीन पूर्व राज्यसभा सांसद सुष्मिता देव, सुखेंदु शेखर रॉय और प्रकाश बारिक गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए। तीनों नेताओं ने कुछ समय पहले ही टीएमसी और राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया था। अब भाजपा में उनकी एंट्री को बंगाल की राजनीति के लिए अहम माना जा रहा है। राजनीतिक हलकों में इसे आगामी राज्यसभा चुनाव और भविष्य के चुनावी समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है।
कोलकाता में भाजपा के वरिष्ठ नेता शमिक भट्टाचार्य की मौजूदगी में तीनों नेताओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि पश्चिम बंगाल ने लंबे समय तक वाम मोर्चा और फिर टीएमसी का शासन देखा, लेकिन राज्य का अपेक्षित विकास नहीं हो सका। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर तीनों पूर्व सांसद पार्टी से जुड़े हैं।

राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तारीख 14 जुलाई है। ऐसे में माना जा रहा है कि भाजपा इन नेताओं को राज्यसभा भेज सकती है। हालांकि, पार्टी की ओर से उम्मीदवारों को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
यूसुफ पठान और प्रसेनजीत की मुलाकात भी चर्चा में
इधर, बंगाल की राजनीति में एक और घटनाक्रम ने हलचल बढ़ा दी। नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) के सांसद और पूर्व टीएमसी नेता यूसुफ पठान मुख्यमंत्री से मुलाकात के लिए नबन्ना पहुंचे। वहीं, अभिनेता प्रसेनजीत चटर्जी ने भी मुख्यमंत्री से भेंट की। इन मुलाकातों को लेकर राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं हैं, हालांकि इनके एजेंडे को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
TMC के तीन पूर्व सांसदों का भाजपा में शामिल होना ऐसे समय हुआ है, जब पश्चिम बंगाल में राज्यसभा चुनाव की तैयारियां तेज हैं। ऐसे में इस घटनाक्रम को राज्य की बदलती राजनीतिक तस्वीर और आने वाले चुनावी समीकरणों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Also Read: शिंदे के दफ्तर पहुंचे शरद पवार, NDA में जाने की अटकलों पर आया जवाब

