UP STF ने ब्लूटूथ डिवाइस से नकल करते परीक्षार्थी को रंगे हाथों पकड़ा, सॉल्वर को दिए थे 10 लाख
Lucknow News: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) ने रविवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए यूपी अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की संयुक्त अवर अधीनस्थ सेवा (ग्रेजुएट लेवल) मुख्य परीक्षा में ब्लूटूथ डिवाइस से नकल करते एक युवक को रंगे हाथों पकड़ लिया। यह घटना दयानंद कन्या इंटर कॉलेज, सेक्टर-सी, महानगर में हुई।
परीक्षा को साफ-सुथरा और नकल-मुक्त रखने के लिए एसटीएफ (STF) की टीमें पहले से अलर्ट थीं। सूचना मिली कि कॉलेज में एक लड़का ब्लूटूथ के जरिए जवाब ले रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक तेज बहादुर सिंह, मुख्य आरक्षी कृष्ण कांत शुक्ल, सरताज और आलोक रंजन की टीम मुखबिर के साथ मौके पर पहुंची।
स्थानीय पुलिस और परीक्षा केंद्र के अफसरों की मदद से बृजेश कुमार यादव को सुबह करीब 11:15 बजे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में क्या निकला?
पकड़े गए बृजेश कुमार यादव ने बताया कि प्रयागराज (Prayagraj) का रहने वाला रमेश चंद्र पटेल ने उसे यह ब्लूटूथ डिवाइस दी थी। परीक्षा में आने वाले सवालों के जवाब इसी डिवाइस से बताए जाने थे। उसने डिवाइस को अंडरवियर में छिपाकर परीक्षा हॉल में ले गया था। रमेश ने एक बनियान भी दी थी, जिसमें डिवाइस रखने के लिए जेब सिली हुई थी, ताकि कोई शक न करे।
इस पूरे काम के लिए बृजेश ने रमेश को पहले ही 10 लाख रुपये एडवांस दिए थे। रमेश कई परीक्षाओं में इसी तरीके से पैसे लेकर नकल करवाता है।
यूपी एसटीएफ (UP STF) ने बृजेश के खिलाफ थाना महानगर, कमिश्नरेट लखनऊ (Lucknow) में मुकदमा संख्या 157/2026 दर्ज कराया है। आगे की कार्रवाई स्थानीय पुलिस कर रही है।
Also Read: UP STF की बड़ी कार्रवाई, एक लाख का इनामी ट्रक लुटेरा दिलबहार खान प्रयागराज से गिरफ्तार

