12 साल से फरार 50 हज़ार का इनामी बदमाश इरफान से गिरफ्तार, UP STF को मिली सफलता

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को एक बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ ने पिछले 12 सालों से फरार चल रहे और 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश इरफान को महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले से गिरफ्तार कर लिया है। इरफान 2013 में मेरठ में पुलिस हिरासत से भाग गया था। इरफान की गिरफ्तारी 5 सितंबर, 2025 को रात 9:14 बजे नांदेड़ ग्रामीण थाना क्षेत्र के मोहमदिया मस्जिद बाजेगांव की एक दुकान से हुई। एसटीएफ की मेरठ फील्ड इकाई ने खुफिया जानकारी के आधार पर यह कार्रवाई की।

दोहरे हत्याकांड का आरोपी है इरफान

पूछताछ में इरफान ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने पुलिस को बताया कि वह 2006 में मेरठ के सरूरपुर थाना क्षेत्र में हुए एक दोहरे हत्याकांड का मुख्य आरोपी है। साल 2006 में इरफान ने अपने पड़ोसी जुल्फकार पर चाकू से हमला कर दिया था, जिसकी बाद में मौत हो गई। जुल्फकार ने इरफान को अपनी दुकान पर आने वाली लड़कियों से छेड़छाड़ करने से मना किया था। इसके बाद, जब जुल्फकार की बेटी साजू (उम्र 13-14 साल) अपने पिता को देखने आई, तो इरफान ने उसकी भी चाकू से गला काटकर हत्या कर दी। इस दोहरे हत्याकांड के बाद पुलिस ने इरफान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

फरार होकर ऐसे छिपा रहा था 12 साल तक

पुछताछ में खुलासा हुआ कि साल 2013 में, जेल में हुई गैंगवार में घायल होने के बाद इरफान को मेरठ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। 25 अप्रैल, 2013 को वह अस्पताल से पुलिस हिरासत से फरार हो गया। फरार होने के बाद, वह ट्रक से दिल्ली और फिर ट्रेन से कर्नाटक भागा। कुछ समय बाद वह मुंबई गया और फिर बिहार के समस्तीपुर में अपने दादा के पास रहने लगा, जहां वह देशी दवाइयां बेचता था। पहचान छिपाने के लिए उसने अपनी पत्नी के साथ दिल्ली आकर अमन चौहान और रूबी चौहान के नाम से फर्जी आधार कार्ड बनवाए। लगभग 9 साल बिहार में रहने के बाद वह महाराष्ट्र के नांदेड़ पहुँचा, जहाँ वह एक किराए की दुकान में दवाखाना चला रहा था।

एसटीएफ की टीम अब इरफान को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर मेरठ आ रही है, जहां उसे संबंधित कोर्ट में पेश किया जाएगा। इरफान के खिलाफ मेरठ में हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और पुलिस हिरासत से भागने के कई मामले दर्ज हैं।

Also Read: Sambhal News: सपा विधायक के बाग पर चला बुलडोजर, साढ़े 3 बीघा सरकारी जमीन कराई गई मुक्त

Get real time updates directly on you device, subscribe now.