UP STF ने बांदा में 3 करोड़ रुपये की अवैध कोडीन सिरप की जब्त, गिरोह के 4 तस्कर गिरफ्तार

Banda News: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय गिरोह (Interstate Gang) का पर्दाफाश किया है। एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड यूनिट ने जनपद बांदा में बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के पास घेराबंदी कर 4 सक्रिय तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से लगभग 3 करोड़ रुपये कीमत की प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप (Illicit Codeine Cough Syrup) की 250 पेटियां (30,000 शीशियां) बरामद की गई हैं।

एक्सप्रेस-वे पर घेराबंदी कर पकड़े गए तस्कर

STF को सूचना मिल रही थी कि दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ से बड़े पैमाने पर अवैध कोडीन सिरप बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के जिलों में खपाई जा रही है। इसी इनपुट के आधार पर एसटीएफ टीम ने बिसंडा-अतर्रा मार्ग पर बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे (Bundelkhand Expressway) के उत्तरी गोल चौराहे पर निगरानी बढ़ाई।

​टीम ने आगे चल रही एक लाल रंग की टाटा नेक्सॉन कार और उसके पीछे आ रहे DCM Truck को रोककर तलाशी ली। सघन चेकिंग के दौरान वाहनों से भारी मात्रा में अवैध कफ सिरप बरामद हुई, जिसके बाद मौके से ही चारों आरोपियों को दबोच लिया गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान

UP STF की गिरफ्त में आए तस्करों में बांदा के धीरेंद्र कुमार (थाना बिसंडा), प्रवीण कुमार उर्फ लकी (अतर्रा), रोहित पाण्डेय (अतर्रा) और हापुड़ निवासी शेखर सिंह शामिल हैं। इनके पास से कफ सिरप के अलावा तस्करी में इस्तेमाल डीसीएम, टाटा नेक्सॉन कार, 5 मोबाइल फोन और 53,530 रुपये नकद बरामद हुए हैं।

फर्जी फर्म और बदले रैपर के जरिए नशे का नेटवर्क

पूछताछ में तस्करों ने खुलासा किया कि वे दिल्ली के द्वारका स्थित एक एजेंसी के जरिए यह माल मंगवाते थे। पकड़े जाने से बचने के लिए हमीरपुर की ‘ओम मेडिकल एजेंसी’ (जिसे वाणिज्य कर विभाग पहले ही बोगस घोषित कर चुका है) के नाम से फर्जी जीएसटी बिल (Fake GST Invoice) तैयार किए जाते थे। गिरोह कफ सिरप के रैपर बदलकर बांदा, चित्रकूट और मध्य प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों में इसे नशे के तौर पर महंगे दामों में बेचता था।

​आरोपियों के खिलाफ थाना बिसंडा में बीएनएस (BNS) और एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया है, जहां से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Also Read: 12 लाख में हाईकोर्ट, 90 लाख में SDM! आगरा में सरकारी नौकरी के नाम पर करोड़ों की ठगी का आरोप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.